मऊगंज: 7 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त

मऊगंज में पुलिस अधीक्षक की सख्ती: NDPS, आबकारी एक्ट समेत गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों पर इनाम घोषित, सूचना देने वाले का नाम रहेगा गुप्त

मऊगंज: 7 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।  
  
जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई हुई है। मऊगंज पुलिस ने 3 अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 7 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। सभी आरोपी लंबे समय से NDPS, आबकारी एक्ट समेत गंभीर मामलों में पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

महिला पर 5 हजार, 3 अन्य पर 2-2 हजार का इनाम
  
थाना लौर के अपराध क्रमांक 442/26 में NDPS एक्ट की धारा 8, 21, 22 और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट 5/13 के तहत फरार आरोपी रजना साकेत पुत्री गोविन्द साकेत, निवासी तितिरियां राजा सिंह की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम रखा गया है। आरोपी महिला पर मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप है।

थाना हनुमना के अपराध क्रमांक 482/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 3(5) के तहत दर्ज प्रकरण में सोनू उर्फ सोहनलाल कुशवाहा 32 वर्ष, लालमणि कुशवाहा 37 वर्ष और रामप्रसाद कुशवाहा 55 वर्ष, सभी निवासी कोंन, फरार हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 2 हजार रुपए प्रति आरोपी इनाम घोषित किया है।

पुलिस अधीक्षक की अपील: सूचना दें, नाम गुप्त रहेगा
  
थाना मऊगंज के अपराध क्रमांक 250/26 में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत फरार शैलेंद्र उर्फ शीलू सिंह 40 वर्ष निवासी रामनई रीवा, प्रिंस उर्फ हरिकिशन सिंह 29 वर्ष निवासी पिपरोहा सीधी और अल्केश जायसवाल 52 वर्ष निवासी रघुनाथगंज रीवा पर 5-5 हजार रुपए प्रति आरोपी का इनाम रखा गया है।

एसपी मऊगंज ने आमजन से अपील की है कि इन फरार आरोपियों की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना या जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। सूचना देने वाली की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाय ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर काम हो रहा है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।