मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव: “किसानों के कल्याण के लिए समन्वय के साथ काम कर रही सरकार”
भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत सरकार समन्वय के साथ काम कर रही है. किसानों को 5 रुपये में बिजली कनेक्शन और 50% तक अनुदान दिया जा रहा है.
भोपाल: मोहन यादव सरकार द्वारा मनाए जा रहे कृषक कल्याण वर्ष के तहत भोपाल के कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में आज किसानों के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दोनों उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के अलावा खेती-किसानी से जुड़े कई विभागों के मंत्री और राज्य मंत्री शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक, जनप्रतिनिधियों के अलावा बीजेपी के पदाधिकारी और खेती-किसानी से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की दी जानकारी
जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों की सक्रिय भागीदारी के लिए आयोजित इस अभिमुखीकरण कार्यक्रम में सरकार के कई विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में योजनाओं के बारे में बताने के साथ ही जनप्रतिनिधियों से किसानों के बीच जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा भी जताई गई।

प्रदर्शनी के जरिए किसानों को दी गई नई जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर खेती-किसानी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आय के स्रोत और आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी देने की कोशिश की गई। इस दौरान नवाचार कर आय बढ़ाने वाले किसानों ने भी अपनी सफलता की कहानी साझा की।
5 रुपये में कृषि पंप के लिए बिजली कनेक्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत सभी विभागों के कार्यों को समन्वय के साथ आगे बढ़ा रही है, ताकि योजनाओं का सीधा लाभ किसान परिवारों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जहां किसानों को कृषि पंप के लिए मात्र 5 रुपये में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
"कृषक कल्याण वर्ष 2026" के अंतर्गत कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी नागरिकों के हितों के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से आज कार्यशाला आयोजित की गई।
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) March 16, 2026
आगामी समय में लक्ष्य के आधार पर कार्य करते हुए प्रदेश सरकार आगे बढ़… pic.twitter.com/u5cSSvfh6X
5 साल में 100 लाख हेक्टेयर सिंचाई का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है, जिससे खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके। साथ ही प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा को मजबूत करने के लिए 8 नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 5 वर्षों में 100 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जो भी घोषणा करती है, उसे जमीन पर उतारकर दिखाती है। किसानों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में 4 से 5 किसान सम्मेलन आयोजित कर सकते हैं, जिनके लिए कृषि विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
shivendra 
