BJP ने प. बंगाल और केरल के लिए जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, सुवेंदु अधिकारी को ममता की दोनों सीटों से टिकट
BJP की पहली लिस्ट जारी। पश्चिम बंगाल में 144 और केरल में 47 कैंडिडेट्स को दिया टिकट। सुवेंदु अधिकारी को ममता की दोनों सीटों भबानीपुर-नंदीग्राम से मैदान में उतारा।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 144 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भाजपा ने केरल में भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी ने 140 में से 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।
सुवेंदु अधिकारी को ममता की दोनों सीटों से टिकट
बीजेपी ने अपने रणनीतिक फैसले के तहत सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर दोनों सीटों से टिकट दिया है। ये दोनों सीटें बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की हैं। नंदीग्राम सीट पर 2021 में सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। नंदीग्राम में हार के बाद ममता भबानीपुर से उपचुनाव जीती थीं। वहीं, भबानीपुर को टीएमसी का मजबूत गढ़ माना जाता है।
इसके अलावा, भाजपा ने डायमंड हार्बर से दीपक कुमार हालदार, आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल, आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुखर्जी और बोलपुर से दिलीप कुमार घोष को उम्मीदवार बनाया है। डायमंड हार्बर ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र में आता है और यहां टीएमसी का प्रभाव काफी मजबूत रहा है।
केरल में भी 47 कैंडिडेट्स के नामों की घोषणा
बंगाल के अलावा भाजपा ने केरल में भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। 140 सीटों में से 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से मैदान में उतारा गया है। चंद्रशेखर 2024 के लोकसभा चुनाव में तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर से हार चुके हैं।
पश्चिम बंगाल में BJP और TMC के बीच कांटे की टक्कर
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछले तीन कार्यकाल से राज्य की सत्ता में हैं। अगर 2026 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी जीतती है, तो ममता लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। ऐसा होने पर वे देश की पहली महिला मुख्यमंत्री बनेंगी जिन्होंने लगातार चार कार्यकाल पूरे किए हों।
इस मुकाबले में BJP अपनी पूरी ताकत लगा रही है और प्रमुख सीटों पर रणनीतिक उम्मीदवार उतारकर टीएमसी को चुनौती दे रही है। भाजपा की इस सूची से यह स्पष्ट है कि पार्टी पश्चिम बंगाल और केरल दोनों राज्यों में अपनी चुनावी तैयारी को गति दे रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत स्थिति बनाने का प्रयास कर रही है।
Varsha Shrivastava 
