नीतीश कुमार ने MLC पद से दिया इस्तीफा, नितिन नबीन ने भी MLA पद छोड़ा
बिहार के CM नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। 29 शब्दों में मुख्यमंत्री ने अपना त्यागपत्र भेजा।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। 29 शब्दों में लिखा गया ये त्यागपत्र MLC संजय गांधी और मंत्री विजय चौधरी के माध्यम से विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंपा गया। मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री अब राज्यसभा के सदस्य बन चुके हैं, इसलिए उनका इस्तीफा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत था।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी बिहार विधानसभा में अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सौंपा। नितिन नबीन ने यह इस्तीफा रविवार को असम जाने से पहले दिया था।
आज क्या-क्या हुआ?
सुबह 9 बजे से CM हाउस में हलचल रही। मुख्यमंत्री से मिलने ललन सिंह, अशोक चौधरी, बिजेंद्र यादव और संजय झा पहुंचे। करीब 10:30 बजे MLC संजय गांधी इस्तीफा लेकर विधान परिषद पहुंचे और सभापति अवधेश नारायण सिंह को इस्तीफा को सौंप दिया। बाद में सभापति ने नीतीश कुमार का इस्तीफा मंजूर कर लिया। संजय सरावगी ने नितिन नबीन का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सौंपा। नितिन नबीन ने विधायक पद से अपना इस्तीफा कल यानी रविवार को ही संजय सरावगी को दे दिया था।
अब आगे क्या हो सकता है?
राज्य में 14 अप्रैल तक खरमास है। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं। चर्चा है कि इस्तीफा देने के बाद बीजेपी बिहार में अपना मुख्यमंत्री बना सकती है। नियम के अनुसार नीतीश कुमार 6 महीने तक मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं, अगर तुरंत विकल्प नहीं चुना गया।
Varsha Shrivastava 
