मऊगंज: नो एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने बुझा दिया घर का चिराग, आक्रोशित लोगों ने किया बवाल
बेलगाम ट्रक ने बाइक चालक को कुचला, युवक की मौत: जनता का फूटा गुस्सा, किया चक्का जाम
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सीधी मार्ग पर रविवार की देर रात कानून कायदे को दरकिनार कर नो एंट्री एरिया में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक चालक युवक को कुचल दिया। यातायात और स्थानीय पुलिस की अनदेखी के कारण नो एंट्री क्षेत्र में घुसे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से घटी दुर्घटना के कारण देखते ही देखते दुर्घटना स्थल पर बवाल जैसी स्थिति निर्मित हो गई। दुर्घटना के कारण लोगों का गुस्सा कुछ इस कदर फूटा की आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया।
सड़क हादसे में युवक की जान चली जाने के बाद चक्का जाम
हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत सीधी-हनुमना मार्ग में आइसर एजेंसी के पास रविवार की रात करीब 9 बजे सड़क हादसे में एक युवक की जान चली जाने के बाद चक्का जाम जैसे निर्मित हालत से करीब चार घंटे से भी अधिक समय तक हनुमना सीधी मार्ग का आवागमन बाधित रहा। इस दौरान जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार,एसडीओपी सचि पाठक एसडीएम, तहसीलदार जैसे अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दिए। अधिकारियों की समझाइश पर रात करीब एक बजे आक्रोशित लोग शांत हुए, तब कहीं मृतक युवक के शव को पीएम हेतु अस्पताल भेजा गया। सोमवार की सुबह विधिक प्रक्रिया उपरांत पीएम के बाद मृतक के शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

नो एंट्री में घुसे बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट लिया
सड़क दुर्घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मार्च रविवार की रात करीब 9 बजे नो एंट्री में घुसे बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जीतेंद्र साकेत उम्र 24 वर्ष निवासी अर्जुनपुर थाना हनुमना जिला मऊगंज की मौत हो गई, जबकि बाइक के पीछे बैठा 12 साल का किशोर बाल-बाल बच गया।
बताया गया है कि बाइक सवार जीतेंद्र मिसिरगवां की तरफ जा रहा था, इसी बीच नो एंट्री के बावजूद क्षेत्र में प्रवेश किए गिट्टी से लोड ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बाइक चला रहा जीतेंद्र ट्रक के पहिए के नीचे आ गया जबकि उसका रिश्ते का साला 12 वर्षीय किशोर दूसरी तरफ गिरा जिससे वह बच गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया जिससे देर रात तक हंगामे की स्थित निर्मित रही। घटना की सूचना के बाद प्रशासनिक अधिकारी और हनुमना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देते हुए शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया, वहीं दुर्घटना कारित करने वाले वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

यातायात और स्थानीय पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोप
ओवरलोड गिट्टी भरकर तेज रफ्तार नो एंट्री क्षेत्र में घुसे ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूटने का सबसे बड़ा कारण यह माना जा रहा है कि जिला प्रशासन के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा। स्थानीय जिम्मेदारों द्वारा कार्यवाही न किए जाने से नो एंट्री क्षेत्र में भारी वाहन प्रवेश करते हैं और यही भारी वाहनों का प्रवेश दुर्घटना का कारण वना।
आक्रोशित लोगों ने यातायात एवं स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एक निर्धारित समय के लिए हनुमना, मऊगंज एवं नईगढ़ी कस्बे में नो एंट्री घोषित की गई है लेकिन यातायात एवं स्थानीय पुलिस की लापरवाही के चलते भारी वाहन कस्बे में प्रवेश करते रहते हैं।

हनुमना में घटित वीभत्स दुर्घटना के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया। इसके साथ ही दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की भी मांग की। लोगों ने यातायात एवं स्थानीय पुलिस पर अवैध वसूली का भी आरोप लगाया। कहा कि यातायात एवं स्थानीय पुलिस वसूली के लिए जिला प्रशासन के आदेश को ताक पर रखकर भारी वाहनों को नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति देती है।
हनुमना पुलिस थाना के प्रभारी अनिल काकड़े ने कहा कि नो एंट्री क्षेत्र में गिट्टी लोड ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई, इस दौरान आक्रोशित लोगों द्वारा चक्का जाम कर दिया गया। अधिकारियों की समझाइश पर लोग शांत हुए, रात करीब एक बजे मृतक के शव को पीएम हेतु भेजा गया।सोमवार की सुबह पीएम उपरांत मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
