कुत्तों के झुंड ने किया मादा सांभर के बच्चे का शिकार

चित्रकूट के चौबेपुर में कुत्तों के झुंड ने एक मादा सांभर के बच्चे पर हमला कर उसे मार डाला। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद मृत सांभर का अंतिम संस्कार किया।

कुत्तों के झुंड ने किया मादा सांभर के बच्चे का शिकार
google

सतना के चित्रकूट वन परिक्षेत्र के चौबेपुर वार्ड नं. 15 में कुत्तों के झुंड ने एक मादा सांभर के बच्चे को गेहूं के खेत में दौड़ाकर अपना शिकार बना लिया। कुत्तों के घातक हमले और संघर्ष के दौरान मादा सांभर के बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

रिहायशी वार्ड के पास वन्यजीव के शिकार की इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और वन्यजीव सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि गुप्तगोदावरी इलाके के चौबेपुर गांव की घटना है। थर पहाड़ के जंगल से एक मादा सांभर का बच्चा शनिवार की सुबह भटक कर चौबेपुर गांव के खेत में पहुंच गया। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने सांभर के बच्चे को दौड़ा लिया और घेरकर उस पर हमला कर दिया। 

आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने सांभर के बच्चे को बचाने का प्रयास किया। कुत्ते तो भाग गए, लेकिन सांभर का बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन अमला जब तक मौके पर पहुंचा, तब तक सांभर के बच्चे की मौत हो चुकी थी। वन अमले ने ग्रामीणों के बयान कलमबद्ध कर पंचनामा तैयार कर मृत सांभर के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है।