विदिशा में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया मॉडल KVK का भूमिपूजन, किसानों की पाठशाला से बदलेंगे खेती के तौर-तरीके
विदिशा के बेरखेड़ी जट्टू में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र का भूमिपूजन किया। किसानों को वैज्ञानिक खेती, इंटीग्रेटेड फार्मिंग और खेत बचाओ अभियान की जानकारी दी।
विदिशा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को विदिशा जिले के बेरखेड़ी जट्टू में देश के मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के बीच अनूठी ‘किसानों की पाठशाला’ लगाकर वैज्ञानिक खेती, इंटीग्रेटेड फार्मिंग, आधुनिक तकनीक और ‘खेत बचाओ अभियान’ का रोडमैप प्रस्तुत किया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह कोई राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि किसानों की क्लास है। यहां किसानों को वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के माध्यम से आधुनिक खेती की जानकारी दी जाएगी तथा खेतों में लाइव डेमो दिखाकर नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

49 एकड़ में बनेगा देश का मॉडल KVK
बेरखेड़ी जट्टू में बनने वाला कृषि विज्ञान केंद्र 49 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भवन निर्माण पूरा होने का इंतजार नहीं किया जाएगा, बल्कि इसी खरीफ सीजन से प्रदर्शन प्लॉटों पर आधुनिक खेती शुरू कर दी जाएगी। इस केंद्र के माध्यम से ICAR के 113 संस्थानों और देशभर के 1700 से अधिक कृषि विज्ञान केंद्रों की रिसर्च सीधे किसानों तक पहुंचेगी।
विदिशा, रायसेन, सीहोर और देवास के लिए वैज्ञानिक खेती का रोडमैप
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे और सीमांत किसानों की आय बढ़ाने के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विदिशा, रायसेन, सीहोर और देवास जिलों की मिट्टी, पानी और स्थानीय परिस्थितियों का अध्ययन कर वैज्ञानिक खेती का रोडमैप तैयार किया गया है। इसके तहत अनाज, दलहन, तिलहन, बागवानी, पशुपालन, मछली पालन, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन को एक साथ जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस रहेगा।

‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत मिट्टी की सेहत पर जोर
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से संतुलित खाद उपयोग और मिट्टी परीक्षण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना जांच के अत्यधिक रासायनिक खाद और कीटनाशकों का उपयोग मिट्टी की उर्वरा शक्ति को नुकसान पहुंचा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘खेत बचाओ अभियान’ को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा और सॉइल हेल्थ कार्ड अभियान को गति दी जाएगी।
एग्री क्लीनिक और हेल्पलाइन से मिलेगी वैज्ञानिक सलाह
मॉडल KVK में ‘एग्री क्लीनिक’ स्थापित किया जाएगा, जहां किसान मिट्टी, पौधों या पत्तियों के नमूने लाकर विशेषज्ञों से सलाह प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही 155261 हेल्पलाइन नंबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को फोन पर भी वैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

नकली खाद-बीज पर सख्ती
केंद्रीय मंत्री ने नकली खाद, बीज और कीटनाशकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए किसानों से खरीद के समय पक्का बिल लेने और QR कोड से उत्पादों की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मशीन बैंक से हर किसान तक पहुंचेगी तकनीक
शिवराज सिंह चौहान ने कस्टम हायरिंग सेंटर और मशीन बैंक की घोषणा करते हुए बताया कि किसानों को लेजर लेवलर, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिस्टम, डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) मशीन जैसी आधुनिक तकनीकें किराए पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे छोटे किसान भी कम लागत में आधुनिक कृषि उपकरणों का लाभ उठा सकेंगे।
वैल्यू एडिशन और कृषि स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि केवल कच्चा कृषि उत्पाद बेचने से किसानों को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाता। इसलिए KVK में फूड प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन, पैकेजिंग और मार्केटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। टमाटर, फल, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण के जरिए युवाओं को कृषि आधारित स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
दलहन-तिलहन मिशन पर फोकस
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश को दालों और तिलहनों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए दलहन आत्मनिर्भरता मिशन को तेज किया जाएगा। किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएंगे और दलहन फसलों की MSP पर खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अधिक उत्पादन वाले क्षेत्रों में दाल मिल स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये तक की सब्सिडी भी दी जाएगी।
किसानों को दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को मिट्टी की सेहत बचाने, संतुलित खाद उपयोग करने और टिकाऊ खेती अपनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि खेती और किसानों की जिंदगी बदलने के लिए वे देशभर में इसी तरह किसानों की पाठशालाएं आयोजित करते रहेंगे और विदिशा का यह मॉडल KVK पूरे देश के लिए प्रेरणा बनेगा।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना, राजस्व मंत्री करण सिंह, पूर्व मंत्री सूर्य प्रकाश मीणा, विधायक मुकेश टंडन, हरिसिंह रघुवंशी, हरी सप्रे, उमाकांत शर्मा, रमाकांत भार्गव, सुरेंद्र पटवा, आशीष शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं ICAR के महानिदेशक एवं डेयर सचिव डॉ. मांगीलाल जाट, CII के सिद्धार्थ चतुर्वेदी, धानुका के आर.सी. अग्रवाल, इफको के डॉ. योगेंद्र कुमार समेत कई वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए।
shivendra 
