सीधी: मां ने 8 साल के बेटे की गला दबाकर की हत्या

सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में दिमागी रूप से अस्वस्थ महिला ने अपने 8 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना 4 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है।

सीधी: मां ने 8 साल के बेटे की गला दबाकर की हत्या

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कतरी काड़ी से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक दिमागी रूप से बीमार महिला ने अपने आठ साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर आरोपी मां फूल कुमारी बैगा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना 4 अक्टूबर की शाम को हुई। उस दिन मां और बेटा दोनों अचानक घर से गायब हो गए थे। अगले दिन, 5 अक्टूबर की दोपहर, गांव के चरवाहे जब पहाड़ पर पशु चराने गए तो उन्हें बच्चे की डेड बॉडी मिली। उन्होंने तुरंत गांव लौटकर परिजनों और लोगों को बताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पंचनामा बनाया।

पुलिस के आने पर फूल कुमारी भी वहीं पहुंच गई। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने बेटे को घर से करीब 1 किलोमीटर दूर पहाड़ पर ले जाकर मार दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस का कहना है

चुरहट के SDOP आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को एक दिन बाद मिली। शुरुआती जांच में गांव वालो ने कहा है कि महिला कई सालों से दिमागी रूप से परेशान थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में देखा जा रहा है कि क्या महिला ने यह कदम दिमागी असंतुलन के चलते उठाया या कोई और वजह थी।