भोपाल में बड़ा हादसा टला,निगम की 40 साल पुरानी दुकानों के छज्जे अचानक गिरे
भोपाल के जवाहर चौक में नगर निगम की करीब 40 साल पुरानी पांच दुकानों के जर्जर छज्जे अचानक गिर गए, भारी सीमेंट का स्ट्रक्चर गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार तुरंत अपनी दुकानें छोड़कर बाहर भागे।
भोपाल: व्यस्त इलाके जवाहर चौक में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। यहां सड़क किनारे बनी नगर निगम की पांच दुकानों के छज्जे अचानक टूटकर गिर गए। भारी सीमेंट का स्ट्रक्चर गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार तुरंत अपनी दुकानें छोड़कर बाहर भागे।घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। छज्जों के साथ दुकानों की छत का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा भी टूटकर नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय दुकानों के सामने ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

नगर निगम की 40 साल पुरानी दुकानों का जर्जर ढांचा
बताया जा रहा है कि जवाहर चौक में अनंत हॉस्पिटल के सामने नगर निगम की ये दुकानें करीब 40 साल पहले बनाई गई थीं। पिछले कुछ समय से इनका ढांचा काफी जर्जर हो गया था और छज्जों में दरारें भी दिखाई दे रही थीं। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम अधिकारियों से मरम्मत की मांग की थी, लेकिन समय पर ध्यान नहीं दिया गया।
दुकानदारों ने बताया कैसे बची जान
दुकानदार आंशु अग्रवाल के मुताबिक उनकी फोटो फ्रेम की दो दुकानें वहीं पर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से छज्जों में दरारें पड़ रही थीं और चार दिन पहले भी थोड़ा हिस्सा गिरा था। गुरुवार को जब वे अपने पिता के साथ दुकान में बैठे थे, तभी अचानक छज्जा टूटने लगा। स्थिति भांपते ही वे तुरंत बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।

मेट्रो निर्माण के कंपन पर दुकानदारों ने जताई आशंका
दुकानदारों ने आशंका जताई है कि दुकानों के पास चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के कारण भी यह स्थिति बनी हो सकती है। उनका कहना है कि मुख्य सड़क पर लगातार भारी मशीनों और खुदाई के कारण कंपन हो रहा है, जिससे कमजोर हो चुके छज्जे ढह गए।
विधायक और पार्षद ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक भगवानदास सबनानी और पार्षद जगदीश यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि तुरंत सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं और जर्जर दुकानों की मरम्मत या अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
sanjay patidar 
