दतिया उपचुनाव: बीजेपी का बड़ा दांव, ज्योतिरादित्य सिंधिया बने मुख्य चुनाव प्रभारी
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्य चुनाव प्रभारी बनाया है। नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद आशुतोष तिवारी उम्मीदवार हैं। जानिए भाजपा की नई चुनावी रणनीति।
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दतिया उपचुनाव का मुख्य चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और इसे भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
इससे पहले भाजपा ने दतिया सीट पर बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। इस निर्णय के बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर भी सुनाई दिए। अब चुनावी अभियान को मजबूती देने के लिए पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को कमान सौंप दी है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में मजबूत राजनीतिक प्रभाव रखने वाले सिंधिया अब दतिया उपचुनाव की रणनीति, संगठन, बूथ प्रबंधन और चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में भाजपा चुनाव अभियान को और अधिक आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सिंधिया की नियुक्ति भाजपा का बड़ा मास्टरस्ट्रोक हो सकती है। ऐसे समय में जब दतिया में मुकाबला लगातार रोचक होता जा रहा है और कांग्रेस ने तीन बार के विधायक घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है, वहीं आजाद समाज पार्टी ने दमोदर यादव को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुनावी रणनीति भाजपा को दतिया उपचुनाव में कितना फायदा दिला पाती है।

