तीसरी बार शादी के बंधन में बंधे मिस्टर परफेक्शनिस्ट: मुंबई में हुई प्राइवेट मैरिज सेरेमनी, अंबानी परिवार भी रहा मौजूद

आमिर खान ने 61 की उम्र में अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट से शादी कर ली है। रविवार को मुंबई के पाली हिल स्थित आमिर खान के घर पर एक प्राइवेट मैरिज सेरेमनी थी, जिसमें दोनों परिवारों के लोग और कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए। 

तीसरी बार शादी के बंधन में बंधे मिस्टर परफेक्शनिस्ट: मुंबई में हुई प्राइवेट मैरिज सेरेमनी, अंबानी परिवार भी रहा मौजूद

मुंबई। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट Aamir Khan ने अपनी पार्टनर Gauri Spratt के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर पर एक बेहद निजी समारोह में शादी कर ली है। यह शादी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड मैरिज के रूप में संपन्न हुई, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए।

पाली हिल स्थित घर में हुई प्राइवेट सेरेमनी

जानकारी के अनुसार, यह पूरा कार्यक्रम रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे बांद्रा (पाली हिल) स्थित आमिर खान के आवास पर आयोजित किया गया। यह कोई भव्य बॉलीवुड वेडिंग नहीं थी, बल्कि एक शांत और निजी रजिस्ट्रेशन सेरेमनी थी।

दोनों ने शादी के कानूनी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और इसके बाद एक छोटे से लंच का भी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को पूरी तरह प्राइवेट रखा गया, ताकि मीडिया और लाइमलाइट से दूरी बनी रहे। हालांकि, बाद में इस खबर ने मनोरंजन जगत में तेजी से सुर्खियां बटोर लीं।

चुनिंदा मेहमान और परिवार की मौजूदगी

इस खास मौके पर केवल बेहद करीबी लोग ही मौजूद थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उद्योगपति Mukesh Ambani और फिल्म निर्देशक Ashutosh Gowariker जैसे कुछ चुनिंदा मेहमानों के शामिल होने की बात सामने आई है।

इसके अलावा, दोनों परिवारों के सदस्य भी इस समारोह का हिस्सा बने। खास बात यह रही कि इस दौरान बच्चों की मौजूदगी ने माहौल को और भी भावुक और पारिवारिक बना दिया। बताया गया कि रिंग सेरेमनी के दौरान दोनों के बच्चों ने भी अहम भूमिका निभाई।

25 सालों से एक-दूसरे को पिछले जानते हैं दोनों

गौरी स्प्रैट को एक सैलून एंटरप्रेन्योर और फैशन प्रोफेशनल बताया जाता है। वे बेंगलुरु से ताल्लुक रखती हैं और उनके पिता तमिल-ब्रिटिश मूल के तथा मां पंजाबी-आयरिश मूल की हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, गौरी का एक 7 साल का बच्चा भी है और वह पहले भी शादीशुदा रह चुकी हैं। वहीं, आमिर और गौरी की दोस्ती 25 साल पुरानी बताई जाती है, जो समय के साथ प्यार के रिश्ते में बदल गई।

आमिर खान ने साल 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी के साथ अपने रिलेशनशिप को पब्लिक किया था। उन्होंने एक इंटरव्यू में गौरी को अपनी जिंदगी में शांति और संतुलन लाने वाला व्यक्ति बताया था। उनका कहना था कि इस रिश्ते के साथ उन्हें एक नई शुरुआत का एहसास हुआ है। 

आमिर खान की पहले दो शादी हो चुकी है

आमिर खान की निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रही है। उन्होंने पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से की थी। यह एक लव मैरिज थी, जिससे उनके दो बच्चे — जुनैद खान और इरा खान — हैं। यह रिश्ता 2002 में तलाक के साथ खत्म हुआ।

इसके बाद 2005 में उन्होंने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की। इस शादी से उनका एक बेटा आजाद राव खान है, जिसका जन्म IVF तकनीक के जरिए हुआ था। हालांकि, 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की, लेकिन दोनों आज भी अच्छे दोस्त हैं।