संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित, 9 मार्च से बजट सत्र का दूसरा फेज

लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च 2026 तक के लिए स्थगित हो गई है। संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज की 9 मार्च से फिर से शुरुआत होगी। आज बजट सत्र के पहले फेज का अंतिम दिन था, जो हंगामेदार रहा।

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित, 9 मार्च से बजट सत्र का दूसरा फेज

नई दिल्ली: संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही 9 मार्च से फिर से शुरू होगी। आज बजट सत्र के पहले फेज का अंतिम दिन था, जो हंगामेदार रहा। हंगामे के बाद कार्यवाही को 9 मार्च तक स्थगित कर दिया गया।

लोकसभा में पहले स्‍थगन के बाद कार्यवाही शुरू होने पर कई मंत्रियों ने अपने मंत्रालय से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद, पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदन को स्थगित कर दिया। इससे पहले, सदन की कार्यवाही शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने पूर्व सांसद भगवान दास राठौर के निधन पर शोक व्यक्त किया। दिवंगत नेता का 21 जनवरी को निधन हो गया था। सदन ने उनके सम्मान में मौन भी रखा।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाए जाने को लेकर सत्ता एवं विपक्ष के बीच वार-पलटवार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। दरअसल, बजट पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने US-भारत ट्रेड डील और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में जो टिप्पणियां कीं, उसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विशेषाधिकार हनन मान रही है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हो पाया है कि राहुल के खिलाफ भाजपा विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाएगी या नहीं। 

इधर, विपक्ष लगातार केंद्रीय मंत्री पुरी के इस्तीफे की मांग कर रहा है। केंद्रीय मंत्री पुरी पर एपस्टीन के साथ ईमेल साझा करने और उसकी मदद करने का आरोप है। इस मामले में पुरी ने एक दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपों को नकारा था।