क्रिकेट में भारत का दबदबा: रोहित शर्मा बोले– यह तो सिर्फ शुरुआत है, मोमेंटम बनाए रखना होगा

भारतीय क्रिकेट के गोल्डन पीरियड पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने खुशी जताई. उन्होंने कहा कि पुरुष और महिला दोनों टीमों के पास शानदार मोमेंटम है और इसे आगे भी बनाए रखना होगा.

क्रिकेट में भारत का दबदबा: रोहित शर्मा बोले– यह तो सिर्फ शुरुआत है, मोमेंटम बनाए रखना होगा

भारतीय क्रिकेट इस समय शानदार दौर से गुजर रहा है. पिछले दो सालों में टीम इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जबरदस्त प्रदर्शन किया है और कई ICC ट्रॉफी अपने नाम की हैं. इसी को लेकर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने खुशी जताई है और कहा है कि भारतीय टीमों को इस मोमेंटम को आगे भी जारी रखना होगा. 

हाल ही में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने 8 मार्च को अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. यह भारतीय टीम का लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब है और टीम ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई है. इससे कुछ महीने पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी ODI वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन किया था. 

रोहित शर्मा ने जताई खुशी

भारतीय टीमों के लगातार ICC ट्रॉफी जीतने पर रोहित शर्मा ने गर्व जताया. 14 मार्च को टी20 मुंबई लीग के लॉन्च इवेंट में उन्होंने कहा,

“मुझे यह देखकर बहुत खुशी और गर्व महसूस हो रहा है. जो सपना हम पिछले कुछ सालों से देख रहे थे, अब वह सच हो रहा है. हमें इस सिलसिले को आगे भी जारी रखना होगा. 

महिला टीम की भी की तारीफ

रोहित शर्मा ने इस दौरान भारतीय महिला क्रिकेट टीम की भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि मुंबई में महिला टीम को वर्ल्ड कप जीतते देखना बेहद खास पल था.

उन्होंने कहा,


“मुंबई में महिला टीम को विश्व कप जीतते हुए देखना शानदार अनुभव था. और हाल ही में पुरुष टीम ने टी20 वर्ल्ड कप जीतकर जो किया, वह भी कमाल का है.

मोमेंटम बनाए रखने की जरूरत

रोहित शर्मा का मानना है कि भारतीय क्रिकेट फिलहाल शानदार मोमेंटम में है और इसे बरकरार रखना बेहद जरूरी है. 

उन्होंने कहा,

“यह तो सिर्फ शुरुआत है। हमें यहां से पीछे मुड़कर नहीं देखना है. क्रिकेट में मोमेंटम बहुत मायने रखता है और इस समय यह पुरुष और महिला दोनों टीमों के पास है. उम्मीद है कि हम इसे आगे भी बनाए रखेंगे. 

पिछले दो सालों से भारत का दबदबा

पिछले करीब दो सालों में भारतीय क्रिकेट ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. जून 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था. इसके बाद 2025 में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाया. हाल ही में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने एक और टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया.

सिर्फ सीनियर टीम ही नहीं, बल्कि जूनियर स्तर पर भी भारतीय टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा है. आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने जिम्बाब्वे में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था. वहीं 2025 में निकी प्रसाद की कप्तानी में भारत की अंडर-19 महिला टीम ने भी विश्व कप अपने नाम किया था. 

आगे भी जीत का लक्ष्य

भारतीय टीमों की नजर अब आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स पर है. जून में महिला टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है, जबकि अगले साल पुरुषों का ODI वर्ल्ड कप होगा. ऐसे में भारतीय टीम इन टूर्नामेंट्स में भी जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी.