जन-विश्वास अभियान के तहत टीकमगढ़ पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव, कुंडेश्वर लोक को लेकर बड़ी घोषणा
जन-विश्वास अभियान के तहत सीएम डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ पहुंचे। उन्होंने महाकाल की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक बनाने, पीतल शिल्प को बढ़ावा देने और रोजगार व कौशल विकास पर जोर देने की घोषणा की।
टीकमगढ़। जन-विश्वास अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को टीकमगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला विकास समिति की बैठक में जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रभावशाली नागरिकों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने जिले के विकास और सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

महाकाल की तर्ज पर बनेगा कुंडेश्वर लोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि टीकमगढ़ में महाकाल लोक की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक विकसित किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा समुचित कार्ययोजना तैयार कर विकास कार्य को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ की धार्मिक और पर्यटन क्षमता को विकसित करने के साथ स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
पीतल शिल्प और कारीगरों को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकमगढ़ के पारंपरिक पीतल शिल्प और कारीगरों की कला को बढ़ावा दिया जाएगा। स्थानीय हस्तशिल्प को बाजार और रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
उद्योग और रोजगार पर सरकार का फोकस
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योग, रोजगार और कौशल विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि निवाड़ी-टीकमगढ़ के बीच करीब 3 हजार करोड़ रुपये की इस्पात उद्योग इकाई शुरू हो चुकी है। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए आईटीआई और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से कुशल श्रमिक तैयार किए जाएंगे।
पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। निराश्रित बच्चों को 4 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। अधिकारियों को सर्वे कराकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। नल-जल योजना, राशन वितरण सहित सभी सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

