महिलाओं को लेकर विधायक प्रीतम लोधी का बयान वायरल, बोले- कई महिलाओं को पटाने भेजते हैं

शिवपुरी के खनियांधाना में सभा के दौरान विधायक प्रीतम लोधी के कथित बयान का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में वह महिलाओं को लेकर साजिश और उन्हें अपने पास भेजे जाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।

महिलाओं को लेकर विधायक प्रीतम लोधी का बयान वायरल, बोले- कई महिलाओं को पटाने भेजते हैं

Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी एक कथित बयान को लेकर चर्चा में हैं। खनियांधाना में 20 अगस्त को आयोजित एक सभा के दौरान दिए गए उनके कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक महिलाओं को लेकर कुछ ऐसी बातें कहते सुनाई दे रहे हैं, जिन पर अब चर्चा शुरू हो गई है।

‘महिलाओं को मेरे पास भेजकर फंसाने की कोशिश’

वायरल वीडियो में प्रीतम लोधी कथित तौर पर कह रहे हैं कि कुछ लोग उन्हें फंसाने के लिए उनके आसपास महिलाओं को भेजते हैं। विधायक के मुताबिक, कुछ लोग मोबाइल लेकर खड़े रहते हैं और उनके कुछ बोलने का इंतजार करते हैं, ताकि बाद में वीडियो बनाकर उन्हें परेशानी में डाला जा सके।

विधायक ने कथित तौर पर एक महिला से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बताया गया कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनके आसपास महिलाओं को पहुंचाया जाता है।

‘जाकर विधायक को पटाओ...’

वायरल वीडियो में विधायक कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ महिलाओं को यह कहकर उनके पास भेजा जाता है कि जाकर विधायक से बातचीत करो या उन्हें ‘पटाने’ की कोशिश करो। प्रीतम लोधी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उन्हें पहले से अंदाजा हो जाता है कि कौन महिला उनके पास किस मकसद से आ रही है। उन्होंने ऐसी महिलाओं के लिए ‘शातिर दिमाग’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

प्रीतम लोधी का यह कथित बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विधायक के बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

हालांकि, वायरल वीडियो में विधायक के बयान का यही हिस्सा सामने आया है। विधायक ने जिन लोगों या महिलाओं द्वारा कथित साजिश किए जाने की बात कही है, उनके संबंध में भी कोई स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि यह बयान 20 अगस्त को खनियांधाना में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में आयोजित सभा के दौरान सामने आया। अब इस कथित बयान का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।