राजगढ़ हादसे में सतवास के धासड़ गांव के 11 लोग थे सवार, 7 शव बरामद, 2 सुरक्षित

राजगढ़ के पड़ाना में नाले में ईको कार बहने के हादसे में सतवास के धासड़ गांव के 11 लोग सवार थे। हादसे में 7 शव बरामद हुए, जबकि 2 लोग सुरक्षित बच निकले। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

राजगढ़ हादसे में सतवास के धासड़ गांव के 11 लोग थे सवार, 7 शव बरामद, 2 सुरक्षित

देवास/बागली। राजगढ़ जिले के पड़ाना में हुए दर्दनाक हादसे के बाद देवास जिले की सतवास तहसील के ग्राम धासड़ में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई ईको कार में धासड़ गांव के एक ही परिवार के 11 लोग सवार थे। सभी लोग सतवास से कड़लावद गांव जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, तेज बारिश के कारण झिरी नाले के निर्माणाधीन पुल के ऊपर पानी बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार चालक को नाले में जाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और तेज बहाव में बह गई।

अब तक 7 शव बरामद

हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, मुकेश सिंह चौहान और हुकुम सिंह ने तैरकर अपनी जान बचाई और सुरक्षित बाहर निकल आए।

रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से हादसे का शिकार हुई ईको कार को भी नाले से बाहर निकाल लिया है। बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

एक ही परिवार के 11 लोग थे सवार

हादसे की खबर जैसे ही ग्राम धासड़ पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और कड़लावद गांव जा रहे थे। परिवार के लोगों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। हादसे की पूरी जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।