'पुलिस ट्रैक करके दिखाए, अब खाकी पर होगा फायर' कहने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, इंस्टाग्राम लाइव के बाद 10 हजार का इनामी बना था

सतना में इंस्टाग्राम लाइव आकर पुलिस को 'खाकी पर फायर' की धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर बंटा उर्फ अमित सोनी गिरफ्तार. एयरफोर्स अधिकारी के घर फायरिंग मामले में था फरार, 28 केस दर्ज हैं.

'पुलिस ट्रैक करके दिखाए, अब खाकी पर होगा फायर' कहने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, इंस्टाग्राम लाइव के बाद 10 हजार का इनामी बना था

सतना। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम लाइव आकर पुलिस को खुली चुनौती देने वाला हिस्ट्रीशीटर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फरारी के दौरान "पुलिस ट्रैक करके दिखाए, इस बार पूरी तैयारी है, अब फायरिंग खाकी पर होगी" जैसी धमकी देने वाले 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश बंटा उर्फ अमित सोनी को सतना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

एयरफोर्स अधिकारी के घर की थी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, 5 जून को कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग निवासी एयरफोर्स अधिकारी रामदास सिंह के घर पर हिस्ट्रीशीटर बंटा उर्फ अमित सोनी अपने साथियों के साथ पहुंचा था। आरोपियों ने घर पर करीब पांच राउंड फायरिंग की, पथराव किया और वाहन में तोड़फोड़ की।

बताया गया कि एयरफोर्स अधिकारी के बेटे हर्षप्रताप सिंह से बंटा की पुरानी रंजिश थी। हर्षप्रताप की शिकायत पर कोलगवां थाना पुलिस ने बंटा और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।

इंस्टाग्राम लाइव में दी थी पुलिस को धमकी

फरारी के दौरान बंटा इंस्टाग्राम पर लाइव आया था। वायरल वीडियो में वह पुलिस को चुनौती देते हुए कह रहा था कि "पुलिस ट्रैक करके दिखाए, इस बार पूरी तैयारी है, अब फायरिंग खाकी पर होगी।" वीडियो में उसके कुछ साथी भी उसका समर्थन करते नजर आए थे।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी।

संगम ढाबा के पास दबोचा गया

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थी। बुधवार रात सूचना मिली कि बंटा अपने साथियों से मिलने सतना शहर आने वाला है। सूचना के आधार पर बाईपास स्थित संगम ढाबा के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बंटा की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पहले से दर्ज हैं 28 आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, फायरिंग की इस घटना से पहले भी बंटा उर्फ अमित सोनी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों सहित 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी थी। जिला बदर की अवधि समाप्त होने के बाद वह दोबारा शहर लौटा और फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया।

पांच साथी पहले ही जा चुके हैं जेल

पुलिस ने बताया कि बंटा के पांच साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं उसके साथी अमर सिंह अकौना और एक अन्य आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।