सतना में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

सतना में महिला को घुमाने के बहाने ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

सतना में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

सतना। शहर में महिला को घुमाने के बहाने अपने साथ ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

घुमाने के बहाने महिला को ले गया आरोपी

सिटी कोतवाली प्रभारी डीएसपी रावेन्द्र द्विवेदी के अनुसार थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रविवार को काम से मुख्त्यारगंज गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पहले से परिचित वीरेन्द्र दाहिया से हुई।महिला के मुताबिक बातचीत के बाद वीरेन्द्र उसे घुमाने के बहाने पुराने झंकार टॉकीज के पास खड़े एक ट्रक तक ले गया। आरोप है कि इसके बाद उसे ट्रक की केबिन में ले जाया गया, जहां वीरेन्द्र और उसके परिचित ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

धमकी देने का भी आरोप

शिकायत के अनुसार घटना के बाद आरोपियों ने महिला के साथ गाली-गलौज की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क किया। जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को वहां से लेकर गए।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश की।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

पुलिस ने मामले में वीरेन्द्र दाहिया, पिता राजेश दाहिया, निवासी मढ़ी खुर्द थाना नागौद और कृपाशंकर यादव, पिता रामसखा यादव, निवासी मुख्त्यारगंज को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई में उप निरीक्षक बेबी तरन्नुम, महिला आरक्षक कमला मिश्रा और आरक्षक धीरेन्द्र पटेल शामिल रहे।