CM ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि : खादी वस्त्र भी खरीदे, कहा- गांधी जी का मार्गदर्शन आज भी जीवन का आधार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, गांधी जी ने पूरी जिंदगी देश और गरीबों के लिए समर्पित की। अहिंसा के हथियार से अंग्रेजों को झुकाने में अहम भूमिका निभाई। गांधी जी का मार्गदर्शन आज भी जीवन का आधार है।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर जवाहर चौक स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन में गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने चरखा चलाया, खादी वस्त्र खरीदे और सूत काटने वाली पॉवरलूम मशीन भी चलाई। इसके बाद विजिटर्स बुक में संदेश अंकित कर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को याद किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, गांधी जी ने पूरी जिंदगी देश और गरीबों के लिए समर्पित की। अहिंसा के हथियार से अंग्रेजों को झुकाने में अहम भूमिका निभाई। गांधी जी का मार्गदर्शन आज भी जीवन का आधार है। लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी और राष्ट्रभक्ति को नमन। पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान शास्त्री जी ने देश का मनोबल बढ़ाया था। जनता को उपवास से जोड़कर देशहित में योगदान देने की अपील की थी।

CM ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री जी महात्मा गांधी की भावनाओं और स्वदेशी के विचार को आगे बढ़ाते हुए देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जा रहे हैं। लंबे समय तक कांग्रेस शासन में अंग्रेजों की सोच को ही आगे बढ़ाया गया। आज मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया की भावना के साथ स्वदेशी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दोनों महान नायकों की जयंती मनाने को गर्व का विषय बताया।

कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की सराहना
सीएम ने इजरायल के यात्री विमान में जान की बाजी लगाकर यात्रियों को बचाने वाले भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मछार की अद्भुत साहस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनके इस गौरवपूर्ण कार्य से प्रत्येक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। आतंकवादियों के मंसूबों को भी विफल किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है। मध्यप्रदेश के लोग भी उनके शौर्य और मानवता को नमन करते हैं।

अमित शाह के दौरे और प्रदेश की उपलब्धियों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल आगमन का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि गोपालक सम्मेलन से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का उद्घाटन समेत विकास कार्य होंगे। प्रधानमंत्री और अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है। अब राज्य नशामुक्ति की ओर अग्रसर है। सोयाबीन पंजीयन शुरू हो चुका है और भावांतर की प्रतिबद्धता दोहराई गई। गांधी जयंती पर कलाकारों की प्रस्तुति का भी स्वागत किया गया।


