भोपाल: सत्यनारायण तिवारी एवं लता संतानी स्मृति सम्मान समारोह आयोजित
एम.पी. स्टेट एग्रो कार्पोरेशन कर्मचारी संघ के तत्वावधान में आयोजन। पब्लिक वाणी समूह के डायरेक्टर विशाल गर्ग “सत्यनारायण तिवारी विशेष सम्मान 2026” से सम्मानित।
भोपाल। एम.पी. स्टेट एग्रो कार्पोरेशन कर्मचारी संघ के तत्वावधान में 9 जनवरी 2026 को होटल कालिंदी, न्यू मार्केट, भोपाल में सत्यनारायण तिवारी स्मृति सम्मान समारोह एवं श्रीमती लता संतानी स्मृति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह प्रसिद्ध ट्रेड यूनियन नेता स्वर्गीय सत्यनारायण तिवारी की पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस वर्ष आयोजन का 22वां वर्ष रहा, जबकि एग्रो कार्पोरेशन यूनियन की कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीमती लता संतानी की स्मृति में आयोजित सम्मान समारोह का यह 7वां वर्ष था।
कार्यक्रम में पत्रकारिता एवं ट्रेड यूनियन आंदोलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पब्लिक वाणी समूह भोपाल के डायरेक्टर विशाल गर्ग को उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों और ट्रेड यूनियन दृष्टि के लिए “सत्यनारायण तिवारी विशेष सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने कहा कि विशाल गर्ग ने पत्रकारिता के माध्यम से श्रमिकों, कर्मचारियों और आमजन की आवाज को मजबूती से उठाया है।

समारोह में कुल 5 महिलाओं को उनके संघर्ष, सामाजिक योगदान और कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 20 साथियों एवं संस्थाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया, जिन्होंने अपने जीवन में निरंतर संघर्ष करते हुए समाज, श्रमिक आंदोलन और पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विशेष रूप से उन पत्रकार साथियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखा।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सहित देशभर के ट्रेड यूनियन आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने स्वर्गीय सत्यनारायण तिवारी और श्रीमती लता संतानी के संघर्षपूर्ण जीवन, श्रमिक हितों के लिए उनके योगदान और उनके आदर्शों को याद किया। समारोह का उद्देश्य उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखना और नई पीढ़ी को सामाजिक न्याय, संघर्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए प्रेरित करना बताया गया।
Varsha Shrivastava 
