लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, सेमरिया में रिश्वत लेते RI गिरफ्तार
रीवा जिले के सेमरिया में लोकायुक्त ने शाहपुर सर्किल के राजस्व निरीक्षक को जमीन सीमांकन के बदले 3 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।
रीवा जिले के सेमरिया में लोकायुक्त की टीम ने एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। शाहपुर सर्किल में तैनात RI रामविश्वास कोल जमीन के सीमांकन के बदले रिश्वत मांग रहा था। लोकायुक्त ने उसे 3 हजार रुपये लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया।
बीड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि प्रसाद शुक्ल ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त से की थी। उन्होंने बताया कि अपनी जमीन का सीमांकन कराने के लिए उन्होंने सेमरिया तहसील में आवेदन दिया था। जब वे शाहपुर के RI से मिले तो उसने काम करने के बदले 5 हजार रुपये मांगे।
फरियादी ने बताया कि वह पहले ही 2 हजार रुपये दे चुका था, लेकिन इसके बाद भी काम नहीं हुआ। दोबारा मिलने पर RI ने बाकी के 3 हजार रुपये और मांगे। इसके बाद लोकायुक्त ने योजना बनाकर कार्रवाई की और बुधवार को जैसे ही RI ने पैसे लिए, उसे पकड़ लिया।
यह कार्रवाई ग्राम बरौं में मोतीलाल साकेत के घर के सामने की गई। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
Saba Rasool 
