शाजापुर में पवन चक्की पर हमला, गार्ड को बंधक बनाकर 90 हजार की कॉपर केबल चोरी

लाठी-डंडों से गार्ड पर जानलेवा हमला, रातभर बंधक बनाकर पवन चक्की से कॉपर केबल ले गए बदमाश

शाजापुर में पवन चक्की पर हमला, गार्ड को बंधक बनाकर 90 हजार की कॉपर केबल चोरी

शाजापुर से मनीष कुमार की रिपोर्ट।

जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र में स्थित रिन्यू कंपनी की पवन चक्की पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर 4 अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूट और चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके दोनों पैरों, चेहरे और कमर में गंभीर चोटें आईं। घायल गार्ड का आरोप है कि बदमाश उसे रातभर बंधक बनाए रखे और इसके बाद पवन चक्की के अंदर लगी करीब 90 हजार रुपये मूल्य की कॉपर केबल काटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम टांडा बोड़ी निवासी दिलीप गुर्जर रिन्यू कंपनी की पवन चक्की क्रमांक-403 पर सुरक्षा गार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहा था। 5 अगस्त की रात करीब एक बजे चार अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी पवन चक्की के अंदर घुसे और कॉपर केबल काटकर चोरी कर ले गए।

घायल सुरक्षा गार्ड का अस्पताल में उपचार कराया गया। इसके बाद लालघाटी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।