MP Nigam Mandal: रामनिवास रावत बने वन विकास निगम के अध्यक्ष, केपी यादव को सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन की कमान
मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार ने राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला जारी रखते हुए संजय नगाइच को वेयरहाउस कॉरपोरेशन और केपी यादव को नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष बनाया है. पढ़ें पूरी खबर.
भोपाल। मध्य प्रदेश में निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर लगातार जारी है. इसी कड़ी में प्रदेश के पूर्व वन मंत्री रामनिवास रावत को सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

मध्य प्रदेश वन विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है. आदेश के मुताबिक, राज्य शासन ने कंपनी के आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 94 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए रामनिवास रावत को तत्काल प्रभाव से, आगामी आदेश तक, मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड भोपाल के संचालक मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया है.
लगातार हो रही नियुक्तियां
प्रदेश में हाल ही में कई अन्य निगम-मंडलों में भी नियुक्तियां की गई हैं. इससे पहले केपी यादव को मध्य प्रदेश सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन का अध्यक्ष बनाया गया था, जिनका कार्यकाल 2 साल का रहेगा.

वहीं, संजय नगाइच को मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन और लॉजिस्टिक्स सर्विसेज का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिनका कार्यकाल 3 वर्ष निर्धारित किया गया है। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आदेश जारी किया था.
राजनीतिक मायने
राजनीतिक जानकारों की माने तो इन नियुक्तियों के जरिए सरकार संगठन के अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी देकर प्रशासनिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश कर रही है. साथ ही, आगामी चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती पर भी फोकस किया जा रहा है.
shivendra 
