PM मोदी के BRICS गाला डिनर से शी जिनपिंग रहे नदारद, बैठक के बाद होटल लौटे; पुतिन समेत कई नेता हुए शामिल

PM मोदी के BRICS गाला डिनर से शी जिनपिंग रहे नदारद, बैठक के बाद होटल लौटे; पुतिन समेत कई नेता हुए शामिल

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के नेताओं के लिए गाला डिनर का आयोजन किया. हालांकि, इस डिनर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद नजर नहीं आए. क्राउन प्रिंस समिट में हिस्सा लेने के बाद दिन में ही अबू धाबी लौट गए थे, जबकि शी जिनपिंग शनिवार रात गाला डिनर में शामिल नहीं हुए.

डिनर में क्यों नहीं पहुंचे शी जिनपिंग?

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, शी जिनपिंग के गाला डिनर में शामिल नहीं होने की तत्काल कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई. एक सूत्र के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे. शी जिनपिंग शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंचे थे. उन्होंने BRICS समिट में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की. करीब सात साल बाद शी जिनपिंग की भारत यात्रा हुई है.

पुतिन समेत कई बड़े नेता डिनर में शामिल

PM मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS के कई नेता शामिल हुए. भारत की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.

इसके अलावा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और बीजेपी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी डिनर में शामिल हुए. इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा शामिल रहे.

गाला डिनर में क्या था खास?

गाला डिनर के मेन्यू में भारतीय व्यंजनों को खास जगह दी गई. मेहमानों को खांडवी मिल-फ्यूई, खुम्ब गलोटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, गाजर-बीन पोरियल और मिलेट पुलाव परोसा गया. डेजर्ट में पुरानी दिल्ली की फ्रूट क्रीम के साथ जलेबी और शहतूत फिरनी शामिल थी. भारत 12 और 13 सितंबर को BRICS समिट की मेजबानी कर रहा है. समिट में 11 सदस्य देशों और 10 पार्टनर देशों के नेता हिस्सा ले रहे हैं.

मोदी-जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक में क्या हुआ?

गाला डिनर से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई. बैठक में दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और चीन के बीच मौजूद मतभेदों को विवाद में बदलने से रोकना जरूरी है. बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच LAC, द्विपक्षीय संबंधों और व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.

बैठक के बाद विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी इस बात पर सहमत हुए कि दोनों देशों को अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखना चाहिए. दोनों पक्षों ने बातचीत के जरिए मतभेदों को सुलझाने और सहयोग के क्षेत्रों को बढ़ाने पर भी जोर दिया. ऐसे में गाला डिनर में शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी जरूर चर्चा में रही, लेकिन इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाने और मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया गया.