सतना में 9 दिन से लापता 15 वर्षीय प्रियांशु का शव नहर में मिला, सकरिया के पास रेलिंग में फंसी मिली लाश

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र से 9 दिन पहले लापता हुए 15 वर्षीय प्रियांशु माखीजा का शव सकरिया गांव के पास नहर में रेलिंग से फंसा मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सतना में 9 दिन से लापता 15 वर्षीय प्रियांशु का शव नहर में मिला, सकरिया के पास रेलिंग में फंसी मिली लाश

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र से 9 दिन पहले लापता हुए 15 वर्षीय प्रियांशु माखीजा का शव मंगलवार सुबह सकरिया गांव के पास नहर की रेलिंग में फंसा मिला. शव बुरी तरह सड़ चुका था. सूचना मिलने पर बाबूपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. दोपहर में परिजनों ने शव की पहचान प्रियांशु के रूप में की. वह पीएम आवास, उतैली वार्ड क्रमांक-22 का निवासी था और 27 जुलाई की शाम दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा.

परिजनों ने 28 जुलाई को कोलगवां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. इसके बाद 1 अगस्त को नगर वन के पास नहर किनारे प्रियांशु के कपड़े और चप्पल मिले थे, जिसकी पहचान उसकी मां ने की थी. इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ, गोताखोरों और बोट की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन उस समय कोई सफलता नहीं मिली.

मंगलवार सुबह नगर वन से करीब 5 किलोमीटर दूर सकरिया गांव के पास ग्रामीणों ने नहर की रेलिंग में फंसा शव देखा और पुलिस को सूचना दी. शव की हालत खराब होने के कारण मौके पर पहचान संभव नहीं हो सकी, लेकिन बाद में परिजनों ने पुष्टि की कि यह प्रियांशु का ही शव है. फिलहाल कोलगवां थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा.