भोपाल के टिंबर मार्केट में लगी भीषण आग 3 घंटे में 40 से ज्यादा गाड़ियों ने बुझाया
भोपाल के रेलवे स्टेशन इलाके में टिंबर मार्केट में लगी भीषण आग 3 घंटे में 40 से ज्यादा गाड़ियों ने बुझाई आग
भोपाल के मेन रेलवे स्टेशन इलाके के पात्रा पुल से लगे टिंबर मार्केट में 9 अक्टूबर की शाम भीषण आग लग गई। एक टॉल में लगी आग ने 5 से 6 टाल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि काफी दूर से ही लपटें और धुएं के गुबार नजर आ रहे थे। आग शाम करीब 7.30 बजे लगी थी। सूचना मिलते ही एक के बाद एक दमकल की करीब 40 गाड़ियां मौके पर पहुंची। टीम ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इसके बाद भी आग धधकती रही। कई जगहों पर धुआं उठता नजर आया। जिसे दमकलकर्मियों ने देर रात तक पूरी तरह बुझा लिया।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम, एसीपी चंद्रशेखर पांडे, डीसीपी जोन-3 अभिनव चौकसे और नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी मौके पर डटे रहे। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद भी मौके पर पहुंचे थे। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह हो सकती है। आग के कारण पात्रा पुल की तरफ आने वाली मुख्य सड़क को भारत टॉकीज और बोगदा पुल के पास से कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। साथ ही इलाके की बिजली भी बंद कर दी गई थी।
इधर आग, उधर गुजरती रही ट्रेनें
जिस जगह आग लगी वो रेलवे ट्रैक से मुश्किल 100 मीटर की दूरी पर ही था। ऐसे में आग लगने के दौरान यहां से कई ट्रेनें गुजरी। मामले में रेलवे पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि हम लगातार नजर बनाए हुए थे।
कलेक्टर बोले- कोई जनहानि नहीं हुई
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि नगर निगम के दमकलों के लगातार प्रयास से आग को काबू कर लिया गया। अधिकारी भी मौके पर थे। कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने की वजह पता की जा रही है।

