विजय शाह के बयान पर भोपाल में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, बर्खास्तगी की मांग
विजय शाह के विवादित बयानों के खिलाफ भोपाल में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन कर उनकी तत्काल बर्खास्तगी की मांग की है। आपको बता दे कि इससे पहले भी मंत्री विजय शाह अपने विवादित बयान से सुर्खियों में रहे है।
भोपाल: राजधानी में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के विवादित बयान को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता एकत्रित होकर सड़कों पर उतरीं और विजय शाह के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए उनकी तत्काल बर्खास्तगी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी
शुक्रवार को प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में सैकडों महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समूह श्यामला हिल्स में विजय शाह के बंगले पर प्रदर्शन करने के लिए जुलूस के रूप में रवाना हुआ। सभी महिलाएं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुई और वहां से जुलूस के रूप में रवाना हुई। रास्ते में पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए पूरे रास्ते को जाम कर दिया। पुलिस के द्वारा महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका गया। इन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ता बंद कर रोक लिया। इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के द्वारा बल प्रयोग करते हुए सभी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया अपने सैकड़ो महिला कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी।
राजधानी में महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्षरीना बौरासी सेतिया ने कहा कि विजय शाह द्वारा दिया गया बयान महिलाओं का घोर अपमान है, लेकिन इसके बावजूद अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब विजय शाह महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक बयान दे रहे हों, इससे पहले भी वे कई बार ऐसे बयानों को लेकर विवादों में घिर चुके हैं।रीना बोरासी ने कहा कि लगातार इस तरह के बयान यह दर्शाते हैं कि विजय शाह को महिलाओं के सम्मान की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द से जल्द विजय शाह को मंत्री पद से बर्खास्त नहीं किया, तो महिला कांग्रेस इससे भी अधिक उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
लाड़ली बहना बयान पर विवाद में विजय शाह
मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना को लेकर दिए गए बयान के बाद एक बार फिर वे चौतरफा घिरते नजर आ रहे हैं। रतलाम में मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह ने कहा है, 'सरकार अगर करोड़ों रुपये दे रही है, तो लाडली बहनों को मुख्यमंत्री का सम्मान करने आना चाहिए और जो नहीं आएंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर दी जाएगी.' गौरतलब है कि इससे पहले भी मंत्री विजय शाह अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर देशभर में भारी बवाल हुआ था।
sanjay patidar 
