अपना दल (एस) का ऐलान- स्थानीय युवाओं को 80% रोजगार दिलाने के लिए होगा आंदोलन

भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह विसेन ने कहा कि सामाजिक न्याय और ओबीसी अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी

अपना दल (एस) का ऐलान- स्थानीय युवाओं को 80% रोजगार दिलाने के लिए होगा आंदोलन

भोपाल, 19 मई। अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह विसेन ने भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि मैं अपना दल (एस) में जिला युवा प्रभारी, फिर युवा जिला अध्यक्ष, फिर जिला अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सचिव, प्रदेश प्रवक्ता और युवा प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष बना हूं। मेरा सफर 1997 से शुरू हुआ, इस दौरान संघर्ष जारी रहा और उतार-चढ़ाव भी आए। आज मैं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल द्वारा दिए गए दायित्व का निर्वहन करते हुए सामाजिक न्याय के आंदोलन को आगे बढ़ाने का कार्य करूंगा।

मान सिंह ने कहा कि मेरी पार्टी का उद्देश्य अपना दल (एस) के स्थापना काल से ही देश में दबे-कुचले, शोषित और वंचित समाज को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी दिलाना रहा है। हमारी पार्टी जातिगत जनगणना, समान शिक्षा व्यवस्था, वोटर पेंशन, विदेशों से काला धन वापस लाने और “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” जैसे मुद्दों पर लगातार बात करती रही है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी नेता अनुप्रिया पटेल ने सामाजिक और व्यवस्था परिवर्तन के मुद्दों को सड़क से संसद तक लगातार उठाया है। इनमें जातिगत जनगणना, ओबीसी छात्रों को नीट में 27 प्रतिशत आरक्षण, केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालयों में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण, ओबीसी क्रीमीलेयर की आय सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 15 लाख करने, ओबीसी को संवैधानिक दर्जा दिलाने, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक आयोग की तरह ओबीसी मंत्रालय के गठन, अखिल भारतीय न्यायिक सेवा के गठन, दिल्ली में सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्रीय स्मारक बनाने, अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग के बच्चों को निजी क्षेत्र में आरक्षण, तथा किसानों में चौरसिया समाज के लिए पान की खेती को कृषि उद्योग का दर्जा देने जैसे मुद्दे शामिल हैं, जिन्हें अपना दल (एस) ने सड़क से लेकर संसद तक उठाया है।

मान सिंह ने कहा कि इसी विचारधारा को लेकर अपना दल (एस) मध्यप्रदेश में आगे बढ़ेगी। उद्योगों में सीमेंट कारखाने बहुत हैं, लेकिन यहां के नवयुवकों को रोजगार नहीं मिलता है। आने वाले समय में हम शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए सीमेंट कारखानों के खिलाफ आंदोलन करेंगे, जिससे बेरोजगारों को 80 प्रतिशत नौकरियां मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश में ओबीसी का 13 प्रतिशत आरक्षण होल्ड है, जिसके लिए सभी जिलों में प्रदर्शन किया जाएगा ताकि उनकी नौकरियां बहाल हो सकें। साथ ही पार्टी अपने संगठन का शीघ्र विस्तार कर जनहित के मुद्दों को उठाकर लोगों को न्याय दिलाने का कार्य करेगी।

इस कार्यक्रम में देवेन्द्र प्रताप सिंह (पूर्व प्रदेश महासचिव), सीताशरण सिंह (पूर्व युवा प्रदेश उपाध्यक्ष), एस.आर. नागले (अपना दल (एस) रणनीतिकार), हरीश तलरेजा (प्रदेश सचिव), मोहित गुप्ता (प्रदेश कोषाध्यक्ष), राजेश्वर मिश्रा (कार्यालय प्रभारी) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।