पिता का स्टारडम भी नहीं आया काम, डूब गया इन स्टारकिड्स का करियर

बॉलीवुड के कुछ स्टारकिड्स को कई मौके मिले, लेकिन वे दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान नहीं बना सके और उनका करियर धीरे-धीरे ठहर गया।

पिता का स्टारडम भी नहीं आया काम, डूब गया इन स्टारकिड्स का करियर

बॉलीवुड में स्टारकिड होना एक बड़ी पहचान जरूर है, लेकिन सफलता की गारंटी नहीं। कई स्टारकिड्स को बार-बार मौके मिलते हैं, फिर भी वे दर्शकों के दिल में अपनी जगह नहीं बना सके।
जहां एक आम एक्टर एक फ्लॉप के बाद दोबारा इंडस्ट्री में नहीं दिखता है, वहीं इन स्टारकिड्स ने 10 से लेकर 35 फिल्मों में काम किया, लेकिन सुपरस्टार नहीं बन सके।

जीतेन्द्र और राजेंद्र कुमार जैसे दिग्गजों ने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई, लेकिन उनके बच्चों के लिए यह विरासत कभी-कभी बोझ बन गई।

उदाहरण के तौर पर तुषार कपूर ने लगभग 35 फिल्मों में काम किया, फिर भी वह उस मुकाम तक नहीं पहुंच पाए जिसकी उनसे उम्मीद थी। वहीं कुछ स्टारकिड्स ने लगभग 10 फिल्मों में काम किया, लेकिन सफलता हासिल नहीं कर सके।

आइए जानते हैं ऐसे 5 स्टारकिड्स के बारे में, जिनका करियर ठहर गया—

1. तुषार कपूर

जितेंद्र जैसे बड़े स्टार के बेटे होने के बावजूद तुषार कपूर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान नहीं बना पाए। उन्होंने 35 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। अपने करियर की शुरुआत फिल्म “मुझे कुछ कहना है” से की, जिसमें उनकी चॉकलेट बॉय इमेज को काफी पसंद किया गया, लेकिन बाद में वे ज्यादातर “गोलमाल” जैसी फिल्मों में सपोर्टिंग रोल तक ही सीमित रह गए। इतनी फिल्मों में काम करने के बाद भी तुषार कपूर सोलो हीरो के तौर पर सफल नहीं हो सके।

2. कुमार गौरव

राजेंद्र कुमार को बॉलीवुड का ‘जुबली स्टार’ कहा जाता था, लेकिन उनके बेटे कुमार गौरव इंडस्ट्री में अपना नाम नहीं बना पाए। “लव स्टोरी” से शानदार शुरुआत के बाद भी वे उस सफलता को बरकरार नहीं रख सके। करीब 30 फिल्मों में काम करने के बावजूद वे कोई बड़ा हिट नहीं दे सके और धीरे-धीरे उनका करियर थम गया।

3. फरदीन खान

स्टाइलिश फिरोज खान के बेटे फरदीन खान ने 20 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। “नो एंट्री” और “हे बेबी” जैसी मल्टी-स्टारर फिल्मों में उन्हें सफलता मिली, लेकिन सोलो हीरो के तौर पर वे सफल नहीं हो पाए। लगातार फ्लॉप फिल्मों और निजी कारणों की वजह से उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली, हालांकि अब वे वापसी की कोशिश कर रहे हैं।

4. पुरु राजकुमार

मशहूर अभिनेता राज कुमार के बेटे पुरु राजकुमार ने “बाल ब्रह्मचारी” से डेब्यू किया, लेकिन उनका करियर सिर्फ 12 फिल्मों तक ही सीमित रह गया। दर्शकों ने उन्हें ज्यादा पसंद नहीं किया और वे अपने पिता की तरह सफलता हासिल नहीं कर सके।

5. मिमोह चक्रवर्ती

मिथुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह चक्रवर्ती ने करीब 10 फिल्मों में काम किया, लेकिन कोई भी फिल्म खास पहचान नहीं बना पाई। “जिम्मी” से शुरुआत के बाद भी उनका करियर आगे नहीं बढ़ सका।

हालांकि, हर कहानी एक जैसी नहीं होती। अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन ने भी अपने करियर के शुरुआती दिनों में काफी उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन मेहनत और धैर्य से उन्होंने खुद को साबित किया और आखिरकार दर्शकों का प्यार हासिल किया।