भारतीय फुटबॉल टीम का अपमान, भुगतान न होने पर कोच समेत 3 खिलाड़ियों को स्टेडियम में नहीं मिली एंट्री

कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय फुटबॉल टीम के हेड कोच खालिद जमील और तीन खिलाड़ियों को नहीं दी गई एंट्री। 31 मार्च को हांगकांग के खिलाफ होने वाले मैच से पहले कोच और खिलाड़ी स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पहुंचे थे।

भारतीय फुटबॉल टीम का अपमान, भुगतान न होने पर कोच समेत 3 खिलाड़ियों को स्टेडियम में नहीं मिली एंट्री
google

भारत की फुटबॉल टीम को एफसी एशियन कप क्वालीफायर में हांगकांग के खिलाफ मुकाबले से पहले शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा। टीम के हेड कोच खालिद जमील और तीन खिलाड़ी आशिक कुरुनियान, साहल अब्दुल समद और बिजॉय वर्गीस को कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया गया।

यह वाकया उस समय हुआ जब टीम 31 मार्च को होने वाले मैच से पहले तय की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए स्टेडियम पहुंची थी। दरअसल, केरल फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा कोचीन डेवलपमेंट अथॉरिटी को सिक्योरिटी डिपॉजिट का भुगतान नहीं किया गया था, जिसके चलते सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया।

निजी मीडिया संस्थान की रिपोर्ट के मुताबिक पूरी टीम प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पहुंच चुकी थी, लेकिन कोच और खिलाड़ियों को अंदर जाने नहीं दिया गया, जिससे आयोजन और प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए। यह पूरा मामला स्टेडियम के मालिक ग्रेटर कोचीन डेवलपमेंट अथॉरिटी और केरल फुटबॉल एसोसिएशन के बीच बकाया भुगतान को लेकर सामने आया है।

हांगकांग के खिलाफ मैच के लिए केरल फुटबॉल एसोसिएशन को चार दिनों के लिए स्टेडियम बुक करना था, जिसके बदले में जीसीडीए को एक तय सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना था। यह राशि तय समय पर जमा नहीं की गई। इसलिए स्टेडियम प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए टीम के हेड कोच और तीन खिलाड़ियों को अंदर जाने से रोका।

जानकारी के अनुसार जीसीडीए ने लगभग 20 से 25 लाख रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में और लगभग 3 लाख रुपये किराए के तौर पर मांगे थे, लेकिन भुगतान में देरी के चलते यह विवाद खड़ा हो गया।

इस पूरे मामले पर केरल फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवास मीरान ने कहा कि यह सिर्फ एक छोटी तकनीकी दिक्कत थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हांगकांग के खिलाफ एशियन कप क्वालीफायर का मैच तय समय पर ही होगा। उन्होंने कहा कि जो भी समस्या हुई थी, उसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा और मैच पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।