NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले की CBI करेगी जांच; जल्द होगी दोबारा परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने 3 मई को हुई NEET 2026 परीक्षा रद्द कर दी है. यह फैसला पेपर लीक होने की आशंका चलते लिया गया है.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को रद्द कर दिया है. एजेंसी ने कहा कि परीक्षा में पेपर लीक की आशंका और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से यह फैसला लिया गया है. अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी.
NTA ने बताया कि 10 मई 2026 को जारी प्रेस नोट के बाद अब छात्रों, अभिभावकों और आम जनता को नए फैसलों की जानकारी दी गई है. एजेंसी के मुताबिक, परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था.

CBI करेगी पूरे मामले की जांच
भारत सरकार ने NEET पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने का फैसला किया है. NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को हर तरह का सहयोग देगा और सभी जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.
NTA के अनुसार, 8 मई 2026 से ही इस मामले से जुड़ी जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दी गई थी. जांच एजेंसियों से मिले निष्कर्षों के आधार पर यह माना गया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा.
720 में से 600 नंबर के सवाल लीक होने का दावा
जांच में सामने आया है कि परीक्षा से दो दिन पहले ही 720 में से करीब 600 नंबर के सवाल छात्रों तक पहुंच गए थे. जानकारी के मुताबिक, केरल के एक मेडिकल कॉलेज में MBBS कर रहे छात्र ने 1 मई को यह गेस पेपर सीकर में अपने दोस्त को भेजा था.
बताया जा रहा है कि बाद में यह पेपर सीकर के एक पीजी संचालक तक पहुंचा, जिसने इसे वहां रह रहे छात्रों में बांट दिया. इसके बाद यह अलग-अलग छात्रों और लोगों तक फैल गया.

राजस्थान में कार्रवाई, 13 संदिग्ध हिरासत में
10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया. इनमें सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल बताया जा रहा है.
राजस्थान में कई छात्रों के पास हाथ से लिखा हुआ गेस पेपर मिला था, जिसके सवाल असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए. इसी के बाद पेपर लीक की आशंका और गहरा गई थी.
जल्द घोषित होगी नई परीक्षा तिथि
NTA ने साफ किया है कि NEET UG 2026 परीक्षा अब दोबारा कराई जाएगी. एजेंसी जल्द ही नई परीक्षा तारीखों और आगे की प्रक्रिया की घोषणा करेगी.
shivendra 
