मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्या
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में निर्धारित कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनी
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में निर्धारित कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनी. मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था के अंतर्गत सभी मंत्री तय समय पर पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसमस्याओं को दूर करने का काम करते हैं. यह परंपरा भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में सालों से हो रही है. साथ ही प्रदेश स्तर पर भी प्रभावी रूप से लागू की गई है. और इसके लिए मंगलवार का दिन चुना गया है.
पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों के मुताबिक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 69 लोगों ने पटेल से भेंट कर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किया. इनमें से अधिकांश समस्याएं उनके विभाग से संबंधित थीं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. वहीं, अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को संबंधित विभागीय मंत्रियों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई.
पटेल ने कहा कि यह व्यवस्था भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ताओं और आम जनता से सतत संपर्क बनाए रखने की सशक्त परंपरा को दर्शाती है. उन्होंने इस प्रभावी और जनहितैषी व्यवस्था के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया.
sanjay patidar 
