Mauganj News : सेवा संकल्प लेकर मऊगंज पहुंची यात्रा, युवाओं से संवाद कर दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

Mauganj News : बनारस से वडनगर जा रही यात्रा के दो दलों ने जिले में की विभिन्न सेवा गतिविधियां, पिपराही में युवाओ से हुआ संवाद

Mauganj News : सेवा संकल्प लेकर मऊगंज पहुंची यात्रा, युवाओं से संवाद कर दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत बनारस से वडनगर जा रही सेवा संकल्प यात्रा मऊगंज जिले के हनुमना क्षेत्र पहुंची। यात्रा के दो दलों ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के साथ युवाओं से संवाद भी किया गया।

बड़े हनुमान मंदिर में स्वच्छता अभियान

यात्रा के पहले दल ने मऊगंज पहुंचकर बड़े हनुमान जी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। यात्रा दल ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

शहीद स्मारक पर किया नमन

जनपद कार्यालय के सामने स्थित शहीद स्मारक पर यात्रा दल ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया गया। यात्रा दल ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

देवतालाब में भी चलाया स्वच्छता अभियान

इसके बाद यात्रा दल देवतालाब स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पहुंचा। यहां भगवान शिव के दर्शन-पूजन के बाद मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यात्रा में धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ने का संदेश दिया गया। इसके बाद पहला दल रीवा जिले के मनगवां के लिए रवाना हो गया।

पिपराही में युवाओं से हुआ संवाद

यात्रा के दूसरे दल ने आदिवासी बालक आश्रम पिपराही परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके बाद युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें युवाओं से देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को लेकर युवाओं से सेवा, अनुशासन, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े कार्यों में भागीदारी की अपील की गई।

सेवा और जनभागीदारी का संदेश

यात्रा के दोनों दलों की गतिविधियों में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर रहा। विभिन्न कार्यक्रमों के बाद दूसरा दल रीवा जिले के गुढ़ के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान हुई गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी और सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया।