तेज रफ्तार बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, चार घायल

सेमरिया से सतना की ओर आ रही एक यात्री बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, वहीं दो यात्री बस के अंदर ही फंस गए हैं।

तेज रफ्तार बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, चार घायल

30 अप्रैल को कोटर बस स्टैंड के पास एक बड़ा हादसा टल गया। एक यात्री बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। बस तेज रफ्तार से चल रही थी, तभी ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी यात्री घबरा गए।

हादसे में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं दो यात्री बस के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से बस के एक हिस्से को काटकर रेस्क्यू किया जा रहा है।

घटना के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा यातायात को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी बैलेंस बिगड़ गया और ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में हादसा हो गया।

गनीमत रही कि बस पुलिया से नीचे नहीं गिरी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।