MP में बेखौफ बदमाश:आगर मालवा में गाड़ियों में तोड़फोड़
आगर मालवा की मास्टर कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने कारों के शीशे तोड़कर उत्पात मचाया, पुलिस जांच में जुटी है। कॉलोनीवासी रात में गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की मांग कर रहे हैं।
आगर मालवा : शहर की मास्टर कॉलोनी में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने उत्पात मचा दिया। कॉलोनी में पार्क की बाउंड्री और घरों के बाहर खड़ी करीब आधा दर्जन से अधिक कारों के कांच तोड़ दिए गए। सुबह जब लोग उठे तो अपने वाहनों को क्षतिग्रस्त देखकर हैरान रह गए। रिहायशी इलाके में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठा सवाल
वारदात में कारों के फ्रंट और बैक दोनों शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो चुके थे और जगह-जगह कांच के टुकड़े बिखरे पड़े थे। इस घटना से कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया और लोग रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कॉलोनीवासी रात में गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की मांग कर रहे हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभावित लोगों ने तुरंत कोतवाली थाने को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किया। थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
sanjay patidar 
