भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच हो रहे NEET-UG री-एग्जाम

भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच हो रहे NEET-UG री-एग्जाम मुरैना के स्टूडेंट का अंतिम समय में ग्वालियर से भोपाल बदला सेंटर

भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच हो रहे NEET-UG री-एग्जाम

मेडिकल में प्रवेश के लिए देश की सबसे बड़ी परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर मध्यप्रदेश में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भोपाल में 32 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जबकि नर्मदापुरम में सीआईएसएफ की निगरानी में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

देवास में कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा सामग्री केंद्रों तक पहुंचाई गई। इस बीच कई अभ्यर्थियों को अंतिम समय में परीक्षा केंद्र बदलने जैसी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। झाबुआ से इंदौर पहुंचीं एक छात्रा ने परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा तैयारी करने की चुनौती बताई। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रदेशभर के केंद्रों पर विद्यार्थियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्थाएं तेज रहीं।

परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और जिला प्रशासन ने सख्त गाइडलाइन लागू की है। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं है।

धार्मिक या पारंपरिक पोशाक में आने वाले पहले पहुंचें

NTA ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। विशेष रूप से पारंपरिक या धार्मिक पोशाक पहनकर आने वाले छात्रों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया के कारण पहले पहुंचने को कहा गया है।

GPS ट्रैकिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी

री-नीट परीक्षा के लिए एनटीए ने विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया है। परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग होगी और सीआरपीएफ एस्कॉर्ट रहेगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, अतिरिक्त बायोमेट्रिक मशीनें और अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। परीक्षार्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी।

रेलवे स्टेशनों पर हेल्प बूथ

री-नीट देने आने वाले छात्रों की सुविधा के लिए भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), गुना और अशोकनगर रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प बूथ बनाए गए हैं। यहां छात्रों को परीक्षा केंद्रों के पते, वहां तक पहुंचने के मार्ग, ऑटो-बस जैसी परिवहन सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मेडिकल छात्रों की छुट्टियां कैंसिल

नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने सभी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को 20 और 21 जून को छात्रों को छुट्टियां कैंसिल कर दी है। एनटीए ने री-नीट के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

समय से पहले पहुंचें अभ्यर्थी

परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से रिपोर्टिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग शुरू होगी, जो दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को 65 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

ये रहेगा ड्रेस कोड

परीक्षा देने वाले बच्चों को ड्रेस कोड का भी पालन करना होगा। हल्के रंग के साधारण वस्त्र पहनने और मोटे कपड़ों, बड़े बटन, अधिक जेबों वाले परिधानों, आभूषणों, घड़ियों, बेल्ट एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं से परहेज करने की सलाह दी गई है।

भोपाल-इंदौर में सबसे ज्यादा परीक्षार्थी

भोपाल में 13 हजार 774 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। इंदौर में संख्या 14 हजार से अधिक है। ग्वालियर में 5 हजार, जबलपुर में 10 हजार, छिंदवाड़ा 4303, गुना में 1839, विदिशा में 1709, नर्मदापुरम में 1283 और अशोकनगर में 865 परीक्षार्थियों के आने की संभावना है।