इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, BF का जन्मदिन मनाने मुंबई से पहुंची खरगोन, कुएं में कूदकर दी जान

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मुंबई की रहने वाली 14 साल की आरुषी लोकरे ने इंस्टाग्राम के जरिए 18 साल के चिराग राठौर से दोस्ती की, जिसके बाद दोनों को प्यार हो गया. चिराग का जन्मदिन मनाने के लिए आरुषी बिना परिवार को बताए खरगोन आई.

इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, BF का जन्मदिन मनाने मुंबई से पहुंची खरगोन, कुएं में कूदकर दी जान

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में सोशल मीडिया से हुए प्यार के जरिए लड़की की जान चली गई. दरअसल,14 साल की आरुषी लोकरे मुंबई की रहने वाली थी. उसने  इंस्टाग्राम पर 18 वर्षीय चिराग राठौर से दोस्ती की, जो खरगोन के मंडलेश्वर क्षेत्र के जलूद गांव में रहता है. दो महीने बाद ही यह दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई. दो दिन पहले चिराग का जन्मदिन था, इसलिए आरुषी बिना परिवार को बताए अपने प्रेमी का जन्मदिन मनाने के लिए मुंबई से खरगोन पहुंच गई. चिराग के परिवार को पता चलने के बाद उन्होंने अपने बेटे को समझाने की कोशिश की और आरुषी के परिवार को इस रिश्ते के बारे में भी बताया। यह बात दोनों को बुरी लगी और वे गांव के पास खेत में स्थित कुएं में कूद गए.

नाराज़ होकर कुएं में लगाई छलांग 

आसपास खेतों में काम कर रही महिलाओं ने किसी के चिल्लाने की आवाज सुनी और कुएं की ओर दौड़ी. वहां ट्रैक्टर चालक गोविंद देवड़ा ने तुरंत कुएं में कूदकर और अन्य लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला. लेकिन आरुषी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चिराग को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने लड़की के परिजनों को सूचना दी और शव का पोस्टमार्टम कराया. चिराग का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच के लिए मुंबई थाने को भेज दिया है. वहीं, मीरा भाईंदर पुलिस थाना में लड़की के परिजनों ने गुमशुदा और अपहरण का केस पहले ही दर्ज करा रखा है. 

यह घटना सोशल मीडिया से शुरू हुए प्यार और किशोरावस्था में फैसलों की गंभीरता को उजागर करती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के उपायों पर भी ध्यान देगी।