पीएम श्री महाविद्यालय मऊगंज में ‘मिशन लाइफ’ थीम पर पर्यावरण दिवस मनाया गया

पीएम श्री शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय, मऊगंज में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम 'क्लाइमेट एक्शन मिशन लाइफ' थीम पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.डी. पांडेय ने की और आयोजन का संयोजन डॉ. दिनेश पटेल द्वारा किया गया।

पीएम श्री महाविद्यालय मऊगंज में ‘मिशन लाइफ’ थीम पर पर्यावरण दिवस मनाया गया
google

रिपोर्टर- राजेंद्र पयासी

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य वक्ता प्रो. अनवर खान ने पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं है, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। प्रो. खान ने पर्यावरण आंदोलनों के इतिहास से लेकर आज की गंभीर चुनौतियों जैसे ग्लोबल वार्मिंग, वायु प्रदूषण और जैव विविधता के नुकसान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर धरती को हरा-भरा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने अपने विचार साझा किए। प्रो. बी.आर. मौर्य ने जल संकट को आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताया और वर्षा जल संचयन व जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। डॉ. राम भुवन पटेल ने सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले घातक प्रभावों पर चिंता जताई और कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने का आह्वान किया।

क्लाइमेट चेंज पर बोलते हुए प्रो. प्रमोद कुमार प्रजापति ने कहा कि मौसम में आ रहे अप्रत्याशित बदलाव के लिए मानवीय गतिविधियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कार्बन फुटप्रिंट कम करने के उपाय सुझाए। डॉ. तरुणा सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बेहतर विकल्प बताया और कहा कि पेट्रोल-डीजल वाहनों पर निर्भरता घटानी होगी। प्रो. अनीशा मिश्रा ने कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पेड़ भी लगाए तो पर्यावरण की बड़ी समस्या का समाधान हो सकता है।

पौधों को रोपने एवं रोपित पौधों के सुरक्षा का लिया संकल्प

आयोजित कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.डी. पांडेय ने कहा कि महाविद्यालय परिसर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा और इस सत्र में 500 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही महाविद्यालय स्टाफ द्वारा पौधों को रोपने एवं रोपित पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के अवसर पर आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी डॉ. प्रभाकर सिंह, क्रीड़ा अधिकारी बृजकांत साकेत, डॉ. सतीश मिश्रा, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. विभा सिंह, डॉ. अनुराधा मिश्रा, डॉ. राजपाल यादव, डॉ. सुनील पांडेय, डॉ. चंद्रेश साकेत, डॉ. सुधाकर देव, डॉ. अनिल कुमार सिंह सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. विभूति भूषण सिंह ने किया। अंत में डॉ. दिनेश पटेल ने सभी का आभार व्यक्त किया।