Rewa Bhopal Vande Bharat: रक्षाबंधन पर 16 कोच के साथ चलेगी ट्रेन, सीटें होंगी दोगुनी

रक्षाबंधन और त्योहारी सीजन से पहले रेलवे ने रीवा-रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस में 16 कोच लगाने का फैसला किया है. 7 अगस्त से 24 अक्टूबर 2026 तक यात्रियों को दोगुनी सीटों का लाभ मिलेगा.

Rewa Bhopal Vande Bharat: रक्षाबंधन पर 16 कोच के साथ चलेगी ट्रेन, सीटें होंगी दोगुनी

रीवा. रक्षाबंधन और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने रीवा-रानी कमलापति (भोपाल) वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों को बड़ी राहत दी है. रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन की रेक संरचना में अस्थायी बदलाव करते हुए 16 कोच वाला रेक चलाने का फैसला किया है. यह व्यवस्था 7 अगस्त से 24 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी.

वर्तमान में इस रूट पर आठ कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है. नए फैसले के बाद ट्रेन में 16 कोच वाला वैकल्पिक रेक लगाया जाएगा, जिससे सीटों की संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी. इससे त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.

झांसी वर्कशॉप जाएगा पुराना रेक

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में चल रहे आठ कोच वाले रेक को नियमित रखरखाव और मरम्मत के लिए झांसी वर्कशॉप भेजा जाएगा. मरम्मत कार्य के दौरान ट्रेन का संचालन प्रभावित न हो, इसलिए पहले से उपलब्ध 16 कोच वाले वैकल्पिक रेक का उपयोग किया जाएगा.

रक्षाबंधन और दशहरा पर मिलेगी राहत

रेलवे का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब रक्षाबंधन, गणेशोत्सव और दशहरा जैसे त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है. अतिरिक्त कोच लगने से अधिक यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी. साथ ही वेटिंग लिस्ट कम होने और अंतिम समय में टिकट मिलने की उम्मीद भी अधिक रहेगी.

महाकौशल और विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को होगा फायदा

रीवा-रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस महाकौशल और विंध्य क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन है. रीवा, सतना, कटनी, जबलपुर और भोपाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त कोच का सीधा लाभ मिलेगा. रेलवे का मानना है कि इस बदलाव से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा.