मुकेश नायक का कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा, जीतू पटवारी ने किया अस्वीकार

मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

मुकेश नायक का कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा, जीतू पटवारी ने किया अस्वीकार

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को त्यागपत्र सौंप दिया है।

मुकेश नायक ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को पत्र लिखकर त्यागपत्र सौंपा है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि कल शुक्रवार 26 दिसंबर को प्रबंध समिति की बैठक में मैंने यह आह्वान किया था कि पुराने लोगों को नए लोगों के लिए स्थान खाली करना चाहिए. मैं स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा देता हूं. दो वर्ष एक बेहद मेहनती ईमानदार, सक्षम अध्यक्ष के साथ काम करने का अनुभव अच्छा रहा. मेरी अनन्य शुभकामनाएं.

इसी बीच पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मुकेश नायक के इस्तीफे को अस्वीकार कर दिया है। और उनसे अपील की है कि वे संगठन की मजबूती के लिए मीडिया विभाग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहें।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक जी द्वारा पारिवारिक कारणों से प्रस्तुत किया गया त्यागपत्र, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी द्वारा अस्वीकार कर दिया गया है।

कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं का हो रहा अपमान: BJP

इधर, मुकेश नायक के इस्तीफे पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। बीजेपी का कहना है कि मुकेश नायक के इस्तीफे से कांग्रेस की अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव का कहना है कि कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं का अपमानित करने की परंपरा है और इसी अपमानित और उपेक्षित करने की परंपरा के कारण मुकेश नायक को इ्स्तीफा देना पड़ा है। बीजेपी प्रवक्ता ने यह भी कहा कि, कांग्रेस पार्टी में केवल चाटूकारों के लिए जगह है। कांग्रेस पार्टी में अच्छे नेताओं को काम करने की जगह नहीं मिलती। मुकेश नायक का इस्तीफा कांग्रेस में सिर फुटव्वल की स्थिति को सार्वजनिक कर रहा है।