मऊगंज: कुर्बानी और भाईचारे के पर्व ईद-उल-अजहा पर ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में अदा की गई नमाज

मऊगंज में बकरीद के मौके पर पहुंचे सर्वधर्म समाज के समाजसेवी और जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को दी बधाइयां

मऊगंज: कुर्बानी और भाईचारे के पर्व ईद-उल-अजहा पर ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में अदा की गई नमाज

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। कुर्बानी और भाईचारे की भावना का प्रतीक पर्व ईद-उल-अजहा गुरुवार को मऊगंज जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। बकरीद के अवसर पर मऊगंज जिला मुख्यालय सहित नईगढ़ी के ईदगाह और क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की।

इस अवसर पर लोगों ने अपने-अपने घरों में परंपरा अनुसार कुर्बानी दी और एक-दूसरे के गले मिलकर त्योहार की मुबारकबाद दी। ईद-उल-अजहा के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने त्याग और बलिदान के इस पर्व को बड़ी अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया। सामूहिक नमाज के बाद लोगों ने देश में सुख-शांति, अमन-चैन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दुआ मांगी।

नईगढ़ी में ईद-उल-अजहा के अवसर पर स्थानीय ईदगाह में हाफिज मोहम्मद फैज के नेतृत्व में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के बाद ईदगाह परिसर के बाहर सर्वधर्म समाज के लोग, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने आपसी भाईचारे के साथ एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। आवागमन, साफ-सफाई, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए रहे।

मऊगंज, खटखरी, हनुमना, पहाड़ी, पतुलखी, नईगढ़ी सहित कुशहा, भदावल, बंधवा, सेनुआ, हसलो और मैरहा जैसे गांवों में भी मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कर एक-दूसरे को बधाइयां दीं। वहीं, इस अवसर पर पहुंचे सर्वधर्म समाज के जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी गले मिलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।