MP शिक्षक चयन 2024: 4000 शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी, 12 से 18 मई तक होगी स्कूल चॉइस फिलिंग
मध्य प्रदेश माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2024: पात्र अभ्यर्थियों के लिए स्कूल चयन प्रक्रिया शुरू, 12 से 18 मई तक भरने होंगे विकल्प
मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक चयन प्रक्रिया के तहत करीब 4000 चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही अब अगले चरण के रूप में स्कूल चॉइस फिलिंग प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। चयनित उम्मीदवार 12 मई से 18 मई 2026 के बीच ऑनलाइन अपने पसंदीदा स्कूलों का चयन कर सकेंगे।

भोपाल में प्रदर्शन के बाद हुआ बड़ा फैसला
यह निर्णय उस समय आया जब भोपाल स्थित DPI कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों की मांग थी कि लंबे समय से अटकी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए और नियुक्ति आदेश जारी किए जाएं। प्रदर्शन के बाद सरकार ने प्रक्रिया को तेज करते हुए 4 हजार शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए।

सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार और पारदर्शिता के साथ की जा रही है। यह प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षक (हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, गणित एवं खेल) और प्राथमिक शिक्षक (खेल) पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों पर लागू होगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि माध्यमिक शिक्षक (गायन-वादन) तथा प्राथमिक शिक्षक (गायन-वादन एवं नृत्य) पदों के लिए अलग से सूचना जारी की जाएगी।
2022 से चल रही है भर्ती प्रक्रिया
मध्य प्रदेश शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई। लंबी प्रक्रिया के बाद अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा ली गई और सितंबर 2025 में परिणाम घोषित किए गए।

इस चयन सूची में लगभग 10,700 अभ्यर्थियों के नाम शामिल थे, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया कई महीनों से अटकी हुई थी, जिससे उम्मीदवारों में नाराजगी बढ़ रही थी। अब सरकार ने चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
12 से 18 मई तक होगी ऑनलाइन स्कूल चॉइस फिलिंग
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को अब ऑनलाइन स्कूल चॉइस फिलिंग करनी होगी। यह प्रक्रिया MP Online Portal के माध्यम से पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने जिले या संभाग के सभी उपलब्ध स्कूलों को प्राथमिकता क्रम में भरना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल कुछ स्कूलों का चयन करने पर प्रक्रिया अधूरी मानी जाएगी।

DPI ने साफ कहा है कि स्कूल चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 18 मई 2026 तय की गई है। यदि कोई अभ्यर्थी इस समय सीमा में विकल्प नहीं भरता है, तो उसे उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर विभाग द्वारा स्वतः स्कूल आवंटित कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में उम्मीदवार को मनचाहा स्कूल मिलने की संभावना कम होगी और बाद में कोई दावा भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय पर प्रक्रिया पूरी करें।
दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अंतिम नियुक्ति
भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जा रहा है। जिन उम्मीदवारों के नाम “सत्यापन के अधीन” हैं, उनके दस्तावेज संबंधित अधिकारियों द्वारा जांचे जा रहे हैं। दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अंतिम रूप से पात्रता तय होगी और उसके आधार पर नियुक्ति आदेश को अंतिम रूप दिया जाएगा।

इस पूरी प्रक्रिया पर सरकार का कहना है कि भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और नियमबद्ध तरीके से की जा रही है। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार (Inder Singh Parmar) ने कहा कि सरकार योग्य अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह (Rao Uday Pratap Singh) ने भी कहा कि पूरी प्रक्रिया को तय नियमों के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही शेष नियुक्तियां भी पूरी की जाएंगी।
अभ्यर्थियों में उत्साह, जल्द होगी आगे की प्रक्रिया
विभाग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही देखें। इसके लिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से MP Online Portal के के आधिकारिक पोर्टल trc.mponline.gov.in पर विजिट करने की सलाह दी गई है। सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं, निर्देश और अपडेट इसी पोर्टल पर जारी किए जाएंगे। किसी भी अफवाह या गैर-आधिकारिक जानकारी पर भरोसा न करने की सलाह दी गई है। DPI ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ विशेष पदों जैसे संगीत, गायन-वादन और नृत्य शिक्षक पदों के लिए अलग से सूची और सूचना जारी की जाएगी। इसके बाद ही इन पदों की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

स्कूल चॉइस फिलिंग प्रक्रिया शुरू होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे उम्मीदवार अब अपने पसंदीदा स्कूल और जिले के चयन में जुट गए हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस चरण के पूरा होने के बाद स्कूल आवंटन और अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
Varsha Shrivastava 
