संपत्ति विवाद में बेटे ने थार जीप से पिता को कुचला, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
थार से कुचलकर पिता की हत्या करने वाला आरोपी बेटा गिरफ्तार। संपत्ति के विवाद में वारदात को दिया था अंजाम।
सतना। संपत्ति विवाद में बुजुर्ग पिता को थार जीप से टक्कर मारकर कुचलने की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दरअसल, रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के बेला में 1 मार्च को संपत्ति विवाद का मामला हत्याकांड में बदल गया था। पुलिस के अनुसार, 74 वर्षीय गुरु प्रसाद सिंह अपने घर के बाहर टहल रहे थे, तभी उनका 46 वर्षीय बेटा अनिल सिंह अपनी थार जीप (एमपी 17 जेडआर 7657) लेकर आया और जानबूझकर उन्हें टक्कर मारकर कुचल दिया।
गंभीर हालत में गुरु प्रसाद को संजय गांधी अस्पताल, रीवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह घटना सामने आते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि गुरु प्रसाद सिंह ने दो विवाह किए थे और उनकी संतानें अलग-अलग पत्नियों से थीं। अनिल सिंह पहली पत्नी का बेटा है और वह पिता के साथ संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद में था। इसी रंजिश के चलते उसने यह हत्या की।
पुलिस ने विवेचना के बाद हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी अनिल सिंह को गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में बेला चौकी प्रभारी इंद्रबली सिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप सिंह, सीताशरण द्विवेदी, शंकर दयाल मिश्रा, इंद्रजीत अग्निहोत्री और आरक्षक बृजेन्द्र त्रिपाठी ने अहम भूमिका निभाई।
स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इसे परिवार में बढ़ते संपत्ति विवाद का दुखद उदाहरण मान रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वे मामले की पूरी जांच कर रहे हैं और कानून के अनुसार सभी पहलुओं को सामने लाया जाएगा।
Varsha Shrivastava 
