CM डॉ. मोहन यादव का सतना दौरा, जिले को मिलेगी कई विकास कार्यों की सौगात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव आज 27 दिसंबर को सतना जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम यहां आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
सतना: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव आज 27 दिसंबर को सतना जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम यहां आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव सतना को 652 करोड़ 54 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे. साथ ही 31 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल सतना और 8 करोड़ 39 लाख रुपए लागत के धवारी क्रिकेट स्टेडियम के नवनिर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे
आई.एस.बी.टी. में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना शहर के 168 लाख 33 हजार रुपये लागत के 6 कार्यों का लोकार्पण और 484 करोड़ 21 लाख रुपये लागत के 6 विकास कार्यो का भूमिपूजन करेंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शासकीय मेडिकल कॉलेज सतना में आयोजित कार्यक्रम में 383 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तरीय नवीन चिकित्सालय भवन के निर्माण का भूमिपूजन करेंगे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव सतना में आयोजित विंध्य व्यापार मेला के कार्यक्रम में शामिल होंगे और मेले के स्टालों का भ्रमण भी करेंगे. मुख्यमंत्री शाम 4.50 बजे सतना एयरपोर्ट से प्लेन द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे.
मख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है. कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं.
pushpendra 
