मऊगंज में कलेक्टर संजय जैन सख्त, बोले- सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के लंबित प्रकरण तुरंत करें निपटारा

मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, ई-केवाईसी और किसान पंजीयन के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए.

मऊगंज में कलेक्टर संजय जैन सख्त, बोले- सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के लंबित प्रकरण तुरंत करें निपटारा

राजेंद्र पयासी मऊगंज

मऊगंज।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले के सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन, सीएम मॉनिटर और जनसुनवाई से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि 50 दिनों से अधिक समय से लंबित और "नॉट अटेंडेड" श्रेणी की शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने आयोगों से प्राप्त पत्रों, विभिन्न विभागों के लंबित मामलों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उन अधिकारियों पर नाराजगी जताई जिन्होंने टीएल पत्रों के जवाब समय पर प्रस्तुत नहीं किए। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को तत्काल प्रतिवेदन भेजने और सीएम मॉनिटरिंग के सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने विभागों की परफॉर्मेंस ग्रेडिंग में सुधार लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों से अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाकर ए ग्रेड हासिल करने का लक्ष्य तय करने को कहा। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, समग्र ई-केवाईसी और खाद ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

कृषि और राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान उपसंचालक कृषि को खाद और बीज के गुणवत्ता परीक्षण की नियमित सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अवैध भंडारण या अनियमितता मिलने पर तत्काल निरीक्षण कर एफआईआर दर्ज कराई जाए।

बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, किसानों के ई-केवाईसी, खसरे में आधार लिंक, राजस्व वसूली, भू-अर्जन और भूमि आवंटन से जुड़े मामलों की तहसीलवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरसीएमएस में प्रतिदिन दर्ज होने वाले मामलों से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट मैदान में आयोजित होगा और ध्वजारोहण, सुरक्षा व्यवस्था, परेड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।