रीवा में CM हेल्पलाइन सिस्टम ढीला, राजस्व विभाग में सबसे ज्यादा शिकायतें लंबित

रीवा जिले में सीएम हेल्पलाइन के ज़रिए पंजीकृत जन शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। राजस्व विभाग सबसे ज्यादा लापरवाह साबित हो रहा है, जहां 3010 शिकायतें अब भी अटकी हुई हैं। इसके बाद ऊर्जा विभाग की हालत खराब है

रीवा में CM हेल्पलाइन सिस्टम ढीला, राजस्व विभाग में सबसे ज्यादा शिकायतें लंबित

रीवा । जिला प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद सीएम हेल्पलाइन में पंजीकृत जन शिकायतों का निपटारा समय पर नहीं हो पा रहा है। सबसे ज्यादा लापरवाही राजस्व विभाग की सामने आ रही है, जहां हजारों शिकायतें अब तक अटकी हुई हैं

जिले में सीएम हेल्पलाइन को लेकर जनता की उम्मीदें भले ही कायम हों, लेकिन जिम्मेदार विभागों की उदासीनता इस व्यवस्था को कमजोर कर रही है। राजस्व विभाग में फिलहाल 3010 शिकायतें लंबित हैं, जो किसी भी विभाग की तुलना में सर्वाधिक हैं।

स्थिति इतनी गंभीर है कि जिले के कुल पांच विभागों में 10,000 से अधिक शिकायतें अब भी अनसुलझी हैं। बता दे कलेक्टर कार्यालय द्वारा हर सप्ताह सीएम हेल्पलाइन में आई शिकायतों की समीक्षा की जाती है, लेकिन कुछ विभागों पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है।

राजस्व विभाग के बाद ऊर्जा विभाग सबसे लापरवाह नजर आ रहा है, जहां 2609 शिकायतें अब तक निपटाई नहीं जा सकी हैं। हालांकि बीते समय में कुछ विभागों ने सुधार दिखाया है और अपनी स्थिति को बेहतर किया है, लेकिन प्रमुख विभागों की सुस्ती पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर रही है। 

खाद्य, पुलिस और पंचायत विभाग भी फिसड्डी

मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग की 2043, पुलिस विभाग की सैकड़ों, और पंचायत राज विभाग की भी हजारों शिकायतें लंबित हैं। इन विभागों में कार्यवाही की रफ्तार इतनी धीमी है कि आमजन को लंबे समय तक समाधान के लिए भटकना पड़ रहा है।  

अन्य विभाग भी लिस्ट में शामिल

  • लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग – 518 शिकायतें
  • लोक शिक्षण विभाग – 393 शिकायतें
  • सीमांकन विभाग – 348 शिकायतें
  • भू-अर्जन विभाग – 327 शिकायतें
  • नगरीय निकाय विभाग – 316 शिकायतें