नशीली कफ सिरप और कैप्सूल की बिक्री करते महिला गिरफ्तार, सिटी कोतवाली पुलिस की दबिश,
रीवा शहर के कबाड़ी मोहल्ला स्थित एक घर में सिटी कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर नशीली कफ सिरप और कैप्सूल की अवैध बिक्री कर रही महिला को रंगे हाथों पकड़ा।
रीवा। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। कबाड़ी मोहल्ला स्थित एक घर में दबिश देकर पुलिस ने एक महिला को नशीली कफ सिरप और कैप्सूल की अवैध बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
मौके से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार कबाड़ी मोहल्ला वार्ड क्रमांक 19 निवासी एक महिला, अपने घर में अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री कर रही है। मुखबिर ने यह भी बताया कि महिला गुलाबी छींटदार गाउन और सिर पर धारीदार दुपट्टा ओढ़े हुए है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी और उनके निर्देश पर तुरंत टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान आरोपी महिला की पहचान तुलसा लोनिया (48 वर्ष) पति बुद्धा लोनिया के रूप में हुई।
पुलिस ने महिला को अभिरक्षा में लेकर उसके घर की सघन तलाशी ली, जिसमें कुल 22 शीशियां नशीली कफ सिरप और 520 नग नशीले कैप्सूल बरामद हुए। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 5,500 रुपए बताई जा रही है।

सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज (एनडीपिएस ) एक्ट की धारा 8, 21, 22 एवं ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बात दे पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला को यह नशीली दवाएं कहाँ से मिलती थीं और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
Saba Rasool 
