6 दिन SBI बैंक बंद! 23 से 28 मई तक नहीं होगा कोई काम

SBI ग्राहकों के लिए अलर्ट: 23 से 28 मई तक बंद रह सकते हैं बैंक, अलग-अलग कारण के चलते 6 दिन प्रभावित होंगी बैंकिंग सेवाएं

6 दिन SBI बैंक बंद! 23 से 28 मई तक नहीं होगा कोई काम

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच SBI की शाखाओं में लगातार कई दिनों तक कामकाज प्रभावित रह सकता है। इसकी वजह वीकेंड, सरकारी छुट्टी और हड़ताल है, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे बैंक ब्रांच से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लें।

हालांकि SBI की डिजिटल सेवाएं जैसे UPI, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM सामान्य रूप से चलती रहेंगी, लेकिन ब्रांच आधारित सेवाओं पर असर पड़ सकता है। खासकर चेक क्लियरिंग, कैश जमा-निकासी और पासबुक अपडेट जैसे काम प्रभावित हो सकते हैं।

जानिए क्यों 23 से 28 मई बंद रह सकते हैं SBI बैंक

23 मई को महीने का चौथा शनिवार है। RBI के नियमों के अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार को सभी बैंक बंद रहते हैं। इसके अगले दिन 24 मई को रविवार होने के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा।

इसके बाद 25 और 26 मई को SBI कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने अपनी मांगों को लेकर यह हड़ताल बुलाई है। अगर हड़ताल होती है तो देशभर में SBI की शाखाओं का कामकाज प्रभावित हो सकता है।

वहीं 27 और 28 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में रहेंगी। कई राज्यों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ राज्यों में 28 मई को भी अवकाश रहेगा। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन छुट्टी रहने की संभावना है।

अब जानें किन सेवाओं पर पड़ेगा असर

SBI कर्मचारियों की हड़ताल मुख्य रूप से वर्कमेन कैटेगरी यानी क्लर्क और अन्य स्टाफ से जुड़ी है। ऐसे में बैंक ब्रांच में होने वाले कई जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं।

इन सेवाओं पर असर पड़ सकता है:

  • चेक क्लियरिंग
  • कैश जमा और निकासी
  • पासबुक अपडेट
  • डिमांड ड्राफ्ट जारी होना
  • KYC और अकाउंट अपडेट
  • लॉकर से जुड़े काम
  • शाखा स्तर पर ग्राहक सेवा

अगर किसी ग्राहक को बैंक ब्रांच में जाकर जरूरी काम करवाना है तो उसे 22 मई तक पूरा कर लेना बेहतर रहेगा।

डिजिटल सेवाएं रहेंगी चालू

SBI की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं पर इस बंदी का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। ग्राहक मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए कई जरूरी काम कर सकेंगे।

ये सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी:

  • UPI ट्रांजैक्शन
  • ATM से कैश निकासी
  • इंटरनेट बैंकिंग
  • YONO ऐप
  • IMPS, NEFT और RTGS
  • ऑनलाइन बिल पेमेंट

हालांकि बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे किसी भी तकनीकी समस्या से बचने के लिए जरूरी ट्रांजैक्शन समय रहते पूरा कर लें।

क्यों हड़ताल पर जा रहे हैं SBI कर्मचारी

ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने कर्मचारियों की कई मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि बैंक में कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है और कई पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। फेडरेशन का दावा है कि कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह आंदोलन किया जा रहा है।

SBI कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

कर्मचारियों की मांगों में भर्ती, ट्रांसफर, मेडिकल और पेंशन से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

  • मेसेंजर्स के खाली पदों पर स्थाई भर्ती
  • पर्याप्त संख्या में Armed Guards की नियुक्ति
  • NPS कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने की सुविधा
  • 2019 के बाद भर्ती कर्मचारियों के लिए इंटर सर्कल ट्रांसफर
  • स्थाई कामों में आउटसोर्सिंग बंद करना
  • सभी शाखाओं में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति
  • वेतन और सुविधाओं में समानता
  • करियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा
  • रिटायर्ड कर्मचारियों को स्टैग्नेशन इंक्रीमेंट का लाभ
  • फिजिशियन कंसल्टेशन चार्ज की समीक्षा
  • मेडिकल रिइम्बर्समेंट स्कीम में सुधार
  • पेंशन गणना में सभी भत्तों को शामिल करना
  • HRMS से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान
  • बोर्ड में कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति
  • PF ट्रस्ट में कर्मचारियों के प्रतिनिधि का नामांकन
  • क्रॉस सेलिंग और मिस-सेलिंग के दबाव पर रोक

ग्राहकों को क्या करना चाहिए

अगर आपको अगले कुछ दिनों में बैंक ब्रांच से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो उसे जल्द पूरा कर लेना चाहिए। खासतौर पर वे लोग जो चेक जमा करना चाहते हैं, बड़ी नकद निकासी करनी है या KYC अपडेट करवाना चाहते हैं, उन्हें पहले से तैयारी कर लेनी चाहिए।

इसके अलावा ग्राहकों को अपने मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग ऐप पहले से एक्टिव रखना चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग किया जा सके। SBI की ओर से अभी तक हड़ताल को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है, लेकिन यदि बातचीत सफल नहीं होती है तो देशभर में बैंकिंग सेवाओं पर असर देखने को मिल सकता है।