IPL 2026 Eliminator: SRH के खिलाफ दबाव में राजस्थान, अभिषेक-ईशान-क्लासेन बन सकते हैं बड़ा खतरा

IPL 2026 के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे. जानिए क्यों RR दबाव में है और कैसे अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और क्लासेन बन सकते हैं मैच विनर.

IPL 2026 Eliminator: SRH के खिलाफ दबाव में राजस्थान, अभिषेक-ईशान-क्लासेन बन सकते हैं बड़ा खतरा

IPL 2026 में 27 मई को खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने होंगी. न्यू चंडीगढ़ में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा, क्योंकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. हालांकि आंकड़ों और मौजूदा फॉर्म को देखें तो इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ज्यादा दबाव में नजर आ रही है.

लीग स्टेज में SRH ने दोनों बार हराया

इस सीजन सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को दोनों लीग मुकाबलों में शिकस्त दी थी. 13 अप्रैल को हैदराबाद में खेले गए मैच में SRH ने RR को 57 रन से हराया था. वहीं 25 अप्रैल को जयपुर में हुए हाईस्कोरिंग मुकाबले में हैदराबाद ने 229 रन का लक्ष्य 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था.

जयपुर मैच में वैभव सूर्यवंशी के शतक के बावजूद राजस्थान जीत नहीं सकी थी. ऐसे में मानसिक बढ़त पूरी तरह SRH के पास है.

अभिषेक-ईशान-क्लासेन की तिकड़ी बनेगी चुनौती

सनराइजर्स की बल्लेबाजी इस सीजन बेहद खतरनाक रही है. खासकर अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की तिकड़ी ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है.

  • हेनरिक क्लासेन इस सीजन 606 रन बना चुके हैं. उन्होंने 6 अर्धशतक लगाए हैं और मिडिल ऑर्डर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं.
  • ईशान किशन ने 569 रन बनाए हैं और 6 फिफ्टी जड़ी हैं. नंबर-3 पर उन्होंने टीम को मजबूती दी है.
  • अभिषेक शर्मा ने 563 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. वह पावरप्ले में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं.

राजस्थान के गेंदबाजों के लिए इन तीनों बल्लेबाजों को जल्दी आउट करना बेहद जरूरी होगा.

मलिंगा और साकिब की गेंदबाजी भी मजबूत

SRH की गेंदबाजी यूनिट भी शानदार फॉर्म में है.

  • ईशान मलिंगा इस सीजन 19 विकेट ले चुके हैं.
  • साकिब हुसैन ने अपनी तेज गेंदबाजी से 15 विकेट झटके हैं.

इन दोनों गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाया है.

सूर्यवंशी और जुरेल पर टिकी राजस्थान की उम्मीदें

राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी इस सीजन काफी हद तक वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल पर निर्भर रही है वैभव सूर्यवंशी टीम के टॉप स्कोरर हैं. उन्होंने 583 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. ध्रुव जुरेल ने 458 रन बनाए हैं और 5 फिफ्टी लगाई हैं. यशस्वी जायसवाल ने भी 397 रन के साथ अहम योगदान दिया है. अगर राजस्थान को जीत हासिल करनी है, तो इन बल्लेबाजों को बड़ी पारियां खेलनी होंगी.

जोफ्रा आर्चर से बड़ी उम्मीद

राजस्थान की गेंदबाजी में सबसे ज्यादा भरोसा जोफ्रा आर्चर पर रहेगा. वह इस सीजन 21 विकेट ले चुके हैं. मुंबई के खिलाफ अहम मुकाबले में उन्होंने 3 विकेट लेने के साथ तेज बल्लेबाजी भी की थी. इसके अलावा: बृजेश शर्मा, 13 विकेट, नांद्रे बर्गर 11 विकेट, रवि बिश्नोई 11 विकेट. इन सभी गेंदबाजों को SRH की मजबूत बल्लेबाजी के खिलाफ एकजुट प्रदर्शन करना होगा.

कौन मारेगा बाजी?

कागजों पर सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के पास भी मैच विनर्स की कमी नहीं है. एलिमिनेटर जैसे बड़े मुकाबले में जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालेगी, वही क्वालिफायर-2 का टिकट हासिल करेगी.