Bhopal: हाईवे निर्माण में भ्रष्टाचार का डबल डोज, कचरे से बन रही सड़क
NH-146 हाईवे निर्माण में कचरे के इस्तेमाल और भ्रष्टाचार के आरोपों से नाराज ग्रामीणों ने विरोध कर जांच की मांग की है।
भोपाल: राजधानी में नेशनल हाईवे 146 के फोरलेन निर्माण कार्य को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आदमपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान नियमों की अनदेखी कर आदमपुर के कचरे से बेस फिलिंग किए जाने का दावा किया जा रहा है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। भोपाल- रायसेन से सागर तक फोरलेन का चौड़ीकरण किया जा रहा है।

नियमों के विपरीत कचरे का उपयोग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों के अनुसार मुरम और कोपरा का इस्तेमाल होना चाहिए, लेकिन इसके बजाय कचरे का उपयोग किया जा रहा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे निर्माण में ठेकेदार पर सड़क कार्य में भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है।

रात में डंपरों से डाला जा रहा कचरा
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय सैकड़ों डंपरों के जरिए कचरा डाला जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में बदबू फैल रही है। खासतौर पर बिलखिरिया क्षेत्र के लोग गंदगी और दुर्गंध से परेशान हैं।

ग्रामीणों का विरोध, जांच की मांग
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है और प्रशासन से जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में सड़क धंसने जैसे गंभीर हादसे हो सकते हैं।
sanjay patidar 
